इतिहास से आधुनिकता तक: बर्लिन सेंट्रल स्टेशन की कहानी
एक समय का शाही स्टेशन, फिर विभाजित शहर में लगभग भुला दिया गया ठिकाना और आज एक आधुनिक सेंट्रल स्टेशन बन चुका लेअर्टे रेलवे स्टेशन बर्लिन के इतिहास की कहानी बताता है.

लेअर्टे बानहोफ: स्टेशनों का महल
लेअर्टे बानहोफ (लेअर्टर ट्रेन स्टेशन) का उद्घाटन वर्ष 1871 में हुआ था. फ्रेंच नियो-रेनेसां वास्तुकला शैली में बना यह स्टेशन अपने भव्य स्वरूप के कारण 'स्टेशनों का महल' कहलाता था. इसकी तेज और सुविधाजनक कनेक्टिविटी ने इसे बहुत जल्द प्रसिद्ध बना दिया. यह चित्र 1903 का है.
द्वितीय विश्व युद्ध में क्षतिग्रस्त, 1957–1959 में ध्वस्त
दूसरे विश्व युद्ध में यह स्टेशन भारी नुकसान का शिकार हुआ. युद्ध के बाद इसके जले हुए ढांचे को आंशिक रूप से मरम्मत कर कुछ समय के लिए साधारण सेवाएं बहाल की गईं. हालांकि, 1950 के दशक के अंतिम वर्षों में इस स्टेशन को पूरी तरह तोड़ दिया गया. यह तस्वीर अप्रैल 1958 में उसके मुख्य द्वार को विस्फोट से गिराए जाने का मार्मिक दृश्य दिखाती है.
एक खाली ढांचा
बर्लिन के इस स्टेशन के लिए लंबी दूरी की सेवाएं 1951 में ही आधिकारिक रूप से बंद कर दी गई थीं. 1957 की इस फोटो में इमारत को धीरे-धीरे टूटते हुए देखा जा सकता है, जहां इसकी खराब हो चुकी छत पहले ही हटाई जा चुकी है.
दो हिस्सों में बंटे शहर की दहलीज पर एक स्टेशन
उपनगरीय रेलवे नेटवर्क का हिस्सा होने के कारण, लेअर्टे श्टाटबान स्टेशन (एस-बान स्टेशन) को ध्वस्त होने से बचा लिया गया और यह चलता रहा. 1955 की इस तस्वीर में लगे संकेत पर लिखा है: 'यात्रियों ध्यान दें: पूर्वी सेक्टर से पहले का अंतिम स्टेशन.' यह एस-बान स्टेशन (ट्राम स्टेशन) बर्लिन के पश्चिमी हिस्से का आखिरी स्टेशन था, जो पूर्वी बर्लिन की सीमा के पास कम आबादी वाले क्षेत्र में स्थित था.
कम्युनिस्ट शासन के विरोध में एस‑बान से दूरी
1961 में बर्लिन की दीवार के निर्माण ने एस‑बान प्रणाली को प्रभावित किया, जिससे यह दो अलग-अलग नेटवर्क में बंट गई. हालांकि, दोनों का नियंत्रण पूर्वी जर्मनी के पास ही रहा. पश्चिम बर्लिन के अधिकारियों ने लोगों को एस‑बान (ट्राम) का उपयोग न करने की सलाह दी, ताकि सीमा रक्षा और कम्युनिस्ट शासन को इससे मिल रही आर्थिक सहायता रोकी जा सके.
एक नई इमारत ने लिया आकार
बर्लिन की दीवार के 1989 में टूटने के बाद, शहर की परिवहन योजना को नए सिरे से तैयार किया गया. जून 1992 में सरकार ने निर्णय लिया कि नया सेंट्रल स्टेशन, लेअर्टे रेलवे स्टेशन के स्थान पर बनाया जाएगा. 1990 के दशक और 2000 के शुरुआती वर्षों में इस परियोजना को अक्सर एस‑बान स्टेशन के नाम से जाना जाता था, जैसा कि 2002 की इस तस्वीर से पता चलता है.
'लेअर्टे श्टाड्टबानहोफ' का अंत
एस‑बान के बहिष्कार के बावजूद, 1987 में बर्लिन की 750वीं वर्षगांठ के अवसर पर लेअर्टे एस बान स्टेशन का नवीनीकरण किया गया. इसकी मूल संरचना के काफी हद तक सुरक्षित रहने के कारण इसे एक संरक्षित ऐतिहासिक भवन का दर्जा भी दिया गया. इसके बावजूद, 2002 में नए सेंट्रल स्टेशन के लिए खुदाई शुरू करने के लिए इस संरक्षित इमारत को गिरा दिया गया.
जर्मन राजधानी का प्रवेश द्वार
बर्लिन सेंट्रल रेलवे स्टेशन ने यूरोप के सबसे बड़े जंक्शन स्टेशनों में अपनी जगह बनाई. इसका निर्माण 1996 से 2006 के बीच लगभग 11 वर्षों में पूरा हुआ. लंबी दूरी की रेल सेवाओं के अलावा यह एस‑बान नेटवर्क का भी एक अहम केंद्र है, जहां रोजाना 3 लाख से अधिक यात्री आते-जाते हैं.
पुराने समय की झलक
1930 की इस हवाई तस्वीर में बर्लिन का दृश्य देखा जा सकता है, जिसमें तस्वीर के बीच के बाईं हिस्से की ओर लेअर्टे रेलवे स्टेशन दिखाई दे रहा है. इसी साल एस‑बान सेवा की भी शुरुआत हुई, जिससे शहर के इस स्टेशन का आधुनिकीकरण हुआ और सेवाओं की संख्या भी बढ़ाई गई.
बदलाव के बाद की तस्वीर
2022 की इस हवाई तस्वीर में बर्लिन सेंट्रल रेलवे स्टेशन दिखाई देता है. इस साल के बाद से स्टेशन के आसपास के क्षेत्र में लगातार बड़े बदलाव हुए हैं. नई कॉर्पोरेट इमारतें और आधुनिक आवासीय परिसर विकसित हुए हैं. साथ ही, पहले के अव्यवस्थित ट्रैफिक वाले इलाके अब पैदल चलने वालों के लिए सुविधाजनक पथ बन गए हैं.