मलेशिया को मिला नया राजा, जानिए कौन हैं अरबपति सुल्तान इब्राहिम इस्कंदर
दक्षिणी मलेशिया के जोहोर राज्य के अरबपति सुल्तान इब्राहिम इस्कंदर ने बुधवार को देश के 17वें राजा के रूप में शपथ ली.

मलेशिया के नए राजा
65 साल के सुल्तान इब्राहिम इस्कंदर ने मलेशिया के 17वें राजा के रूप में 31 जनवरी को शपथ को ली. उन्होंने अल-सुल्तान अब्दुल्लाह सुल्तान अहमद शाह की जगह ली, अल-सुल्तान अब्दुल्लाह पांच साल के शासनकाल के अंत में अपने गृह राज्य पहांग का नेतृत्व करने के लिए लौट रहे हैं.
प्रधानमंत्री के करीबी
सुल्तान इब्राहिम इस्कंदर ने कुआलालंपुर के नेशनल पैलेस में पद की शपथ ली. उन्होंने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ-साथ शाही परिवार के कई सदस्यों की उपस्थिति में दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए. उनका राज्याभिषेक समारोह बाद में आयोजित किया जाएगा.
बिजनेसमैन हैं सुल्तान इब्राहिम
देश के सबसे अमीर व्यक्तियों में से एक सुल्तान इब्राहिम के पास रियल एस्टेट से लेकर टेलीकॉम और बिजली संयंत्रों तक व्यापक व्यापारिक साम्राज्य है. उनके संबंध प्रधानमंत्री अनवर के साथ अच्छे हैं.
अनोखी परंपरा
1957 में ब्रिटेन से स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद से मलेशिया में एक राजशाही प्रणाली रही है जहां एक राज्य के शाही परिवार के एक सदस्य को पांच साल के लिए राजा के पद पर नियुक्त किया जाता है.
बारी-बारी से राजा
यह पूरी दुनिया में अपनी तरह की एकमात्र शाही व्यवस्था है, जिसके तहत देश के नौ आदिवासी राज्यों के शासक पांच साल के लिए राजा बनते हैं. मलेशिया में कुल 13 राज्य हैं, लेकिन केवल नौ राज्यों में ही शाही परिवार हैं. यह व्यवस्था सभी जातियों को एकजुट करने का भी एक महत्वपूर्ण साधन रही है.
शौकीन राजा
सुल्तान इब्राहिम के पास प्राइवेट जेट के अलावा कारों और बाइक्स का बड़ा कलेक्शन है. विदेशों में उनकी काफी संपत्तियां हैं. इतना ही नहीं उनके पास खुद की सेना भी है और वह इकलौते ऐसे शासक हैं जिनके पास इस तरह की आर्मी है. उनके छह बच्चे हैं और उन्होंने गरीबों को दान बांटने के लिए हार्ले-डेविडसन मोटरसाइकिल पर अतीत में जोहोर राज्य की यात्राएं भी की हैं