1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

फुटबॉल क्लब की जीत के बाद पेरिस में हंगामा, 400 हिरासत में

रजत शर्मा एएफपी, एपी
३१ मई २०२६

पेरिस सेंट-जेर्मां क्लब ने चैंपियंस लीग फाइनल में आर्सेनल को हराकर लगातार दूसरा खिताब जीता है. लेकिन इसके तुरंत फ्रांस के शहरों में ऐसा हुड़दंग हुआ कि पुलिस ने 400 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है.

https://p.dw.com/p/5EbUG
आग लगी वस्तु के पास पड़ी साइकिलें
पीएसजी की जीत के बाद पेरिस के कई इलाकों में आगजनी की घटनाएं दिखींतस्वीर: Julien Mattia/Le Pictorium/IMAGO

फ्रांस के फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट-जेर्मां (पीएसजी) के चैंपियंस लीग जीतने के बाद देश में ऐसा "जश्न" मनाया गया कि पुलिस को 400 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेना पड़ा. दरअसल, क्लब की जीत के बाद शनिवार, 30 मई की रात को पेरिस समेत देश के कई शहरों में झड़पें होने की खबरें आईं.

देश के आंतरिक मामलों के मंत्री लोरां नुनएस ने हिंसा को "पूरी तरह से अस्वीकार्य" बताया है. उन्होंने जानकारी दी कि फुटबॉल प्रशंसकों के आग लगाने और दुकानों में तोड़फोड़ करने से सात पुलिस अधिकारी घायल हो गए हैं. बिगड़े माहौल के बीच एक छोटे समूह ने पेरिस के एक पुलिस स्टेशन पर धावा बोलने की कोशिश भी की. नुनएस ने कहा कि फ्रांस के लगभग 15 शहरों में हुड़दंग मचाया गया, जिसके बाद कार्रवाई में कुल मिलाकर लगभग 400 लोगों को हिरासत में लिया गया है. इनमें से लगभग 300 लोग अकेले पेरिस में पकड़े गए.

समान में लगी आग और पास मौजूद हुड़दंगी
पेरिस के मशहूर आर्क द त्रिओम्फ के पास हुड़दंग मचाते लोग तस्वीर: Kenzo Tribouillard/AFP

लेकिन जीत का जश्न नहीं रुकेगा

नुनएस ने बताया कि एफिल टॉवर के पास शां द मार्स में रविवार दोपहर को टीम की जीत के लिए तय जश्न अपने निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक ही होगा. इसके बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमानुएल माक्रों एलिसी पैलेस में पीएसजी टीम की मेजबानी करेंगे. हंगरी के बुडापेस्ट में शनिवार शाम खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में पेरिस सेंट-जेर्मां ने पेनल्टी शूटआउट में आर्सेनल को हराकर जीत हासिल की, जिसके तुरंत बाद पेरिस में सीटियां बजने लगीं.

चैंपियंस लीग 2026 जीतने के बाद जश्न मनाती पीएसजी टीम
चैंपियंस लीग में यह पीएसजी का लगातार दूसरा खिताब हैतस्वीर: Franck Fife/AFP

शहर के पॉश इलाकों में हुड़दंग

प्रशंसकों ने पेरिस के आर्क द ट्रिओम्फ स्मारक के पास के रास्तों पर मार्च किया, जिसमें कुछ लोगों ने फ्लेयर्स जलाए और कारों के हॉर्न बजाए. मुख्य मार्ग शांस-एलीजे पर लगभग 20,000 लोग जुटे थे, जिन्हें नियंत्रित करने में पुलिस को बड़ी मशक्कत करनी पड़ी. पेरिस पुलिस ने कहा कि छोटे-छोटे समूहों ने अलग-अलग जगहों पर अशांति पैदा की, जिनमें से कुछ ने दुकानों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी. कारों को भी आग के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने कहा कि शहर के पॉश इलाके- आठवें डिस्ट्रिक्ट में एक पुलिस स्टेशन पर धावा बोलने की कोशिश करने वालों को तितर-बितर कर दिया गया.

पिछले साल मई में पीएसजी क्लब के पहला चैंपियंस लीग खिताब जीतने के बाद पेरिस में 201 लोग घायल हो गए थे और पुलिस ने पूरे फ्रांस में 500 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया था.