1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

वर्ल्ड रिकॉर्ड: मैराथन पहली बार 2 घंटे से कम में हुई पूरी

आयुष यादव एपी, एएफपी, डीपीए
२६ अप्रैल २०२६

केन्या के एथलीट सबास्टियन सावे ने लंदन मैराथन में जीत हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. वह दो घंटे से कम समय में मैराथन पूरी करने वाले दुनिया के पहले इंसान बन गए हैं.

https://p.dw.com/p/5Cqt4
लंदन मैराथन में भागते केन्याई धावक सबास्टियन सावे
सावे ने 42.2 किलोमीटर की लंबी दौड़ मात्र 1 घंटे, 59 मिनट और 30 सेकंड में पूरी कीतस्वीर: John Walton/PA Wire/empics/picture alliance

केन्या के 30 साल के धावक सबास्टियन सावे ने रविवार को लंदन मैराथन में इतिहास रच दिया. उन्होंने 26.2 मील (42.2 किलोमीटर) की लंबी दौड़ मात्र 1 घंटे, 59 मिनट और 30 सेकंड में जीतकर पहला स्थान हासिल किया. इस शानदार जीत के साथ ही वो दो घंटे से कम समय में मैराथन पूरा करने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं.

सावे का यह समय पिछले आधिकारिक रिकॉर्ड से काफी बेहतर रहा. उन्होंने अपने ही देश के केल्विन किप्टम के साल 2023 में शिकागो मैराथन में बनाए गए पिछले रिकॉर्ड को 65 सेकेंड के बड़े अंतर से तोड़ दिया है.

इसके अलावा, सावे का यह नया रिकॉर्ड दिग्गज धावक एलियड किपचोगे के समय से भी 10 सेकंड तेज है. किपचोगे ने 2019 में वियना में यह दौड़ पूरी की थी, लेकिन उनके उस समय को आधिकारिक रिकॉर्ड के रूप में मान्यता नहीं दी गई थी क्योंकि वह एक 'ओपेन प्रतियोगिता' नहीं थी और उसमें पेसमेकर्स (गति बनाए रखने वाले धावकों) की मदद ली गई थी.

इथियोपिया की धाविका टिगस्ट असेफा
टिगस्ट असेफा ने अपनी दौड़ 2 घंटे, 15 मिनट और 41 सेकंड में पूरी कर जीत दर्ज कीतस्वीर: Ian Walton/AP Photo/picture alliance

महिलाओं की दौड़ में असेफा का जलवा

पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की रेस में भी एक शानदार और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन देखने को मिला. इथियोपिया की धाविका टिगस्ट असेफा ने अपना खिताब सफलतापूर्वक बरकरार रखा. उन्होंने अपनी दौड़ 2 घंटे, 15 मिनट और 41 सेकंड में पूरी कर जीत दर्ज की.

असेफा की यह जीत इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि यह केवल महिलाओं के लिए आयोजित किसी भी दौड़ में अब तक का सबसे तेज समय है. दौड़ के अंतिम 500 मीटर में उन्होंने अपनी गति बढ़ाते हुए अन्य प्रतियोगियों को काफी पीछे छोड़ दिया.

हालांकि, असेफा का यह समय ब्रिटिश धाविका पाउला रेडक्लिफ के ओवरऑल कोर्स रिकॉर्ड से महज 16 सेकंड धीमा रहा. रेडक्लिफ ने यह रिकॉर्ड साल 2003 में एक मिक्स्ड रेस के दौरान बनाया था. 

लंदन मैराथन के दौरान मौजूद व्हीलचेयर स्पर्धा के खिलाड़ी
व्हीलचेयर स्पर्धा में कैथरीन डेबरनर ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कियातस्वीर: Alberto Pezzali/AP Photo/picture alliance

व्हीलचेयर वर्ग में स्विट्जरलैंड का दबदबा

व्हीलचेयर स्पर्धाओं में स्विट्जरलैंड के एथलीटों का पूरी तरह से दबदबा देखने को मिला. इस वर्ग में स्विस खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरी जीत अपने नाम की. पुरुषों की व्हीलचेयर रेस में मार्सेल हग ने लगातार छठा खिताब जीतकर अपनी बादशाहत कायम रखी. अगर उनके ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें, तो यह उनकी आठवीं खिताबी जीत है.

वहीं, महिलाओं की व्हीलचेयर स्पर्धा में कैथरीन डेबरनर ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया. उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी तात्याना मैकफैडेन को करीबी मुकाबले में हराते हुए महिलाओं का खिताब एक बार फिर से अपने पास बरकरार रखा.

77 साल की उम्र में मैराथन दौड़ती भारतीय महिला