1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें
अपराधभारत

लाल किला विस्फोट मामले में हमलावर का सहयोगी गिरफ्तार: एनआईए

रीतिका एएनआई
१६ नवम्बर २०२५

एनआईए ने कश्मीर के एक निवासी को बीते दस नवंबर को लाल किले के पास हुए धमाके के सिलसिले में गिरफ्तार किया है.

https://p.dw.com/p/53iJp
धमाके के बाद की तस्वीर
10 नवंबर की शाम लाल किले के पास हुए धमाके में 12 लोगों की मौत हुई थी और करीब 32 लोग घायल हो गए थे.तस्वीर: Sajjad Hussain/AFP/Getty Images

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बीते 10 नवंबर को राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट के कथित मुख्य हमलावर के सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है. भारतीय समाचार एजेंसी एएनआई ने यह सूचना दी. एजेंसी की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि उन्होंने पम्पोर, कश्मीर के एक शख्स को गिरफ्तार किया है.

इस शख्स ने लाल किला विस्फोट में शामिल कथित आत्मघाती हमलावर उमर उन नबी के साथ मिलकर इस धमाके की साजिश रची थी. एनआईए ने बताया कि आमिर राशिद अली नाम के इस शख्स को एक बड़े सर्च ऑपरेशन के बाद दिल्ली में गिरफ्तार किया गया. एजेंसी के मुताबिक, लाल किले के पास हुए धमाके में इस्तेमाल की गई कार आमिर राशिद अली के नाम पर ही रजिस्टर थी.

धमाके के बाद की तस्वीर
एनआईए के मुताबिक जिस कार का इस्तेमाल धमाके में हुआ वह कार दिल्ली आकर आमिर ने ही खरीदी थी.तस्वीर: Sajjad Hussain/AFP/Getty Images

एजेंसी ने यह भी बताया है कि आमिर ने दिल्ली आकर वह कार खरीदी थी जिसका इस्तेमाल बाद में लाल किले के पास हुए धमाके में किया गया. एजेंसी ने उमर नबी की भी एक और गाड़ी जब्त की है. इस गाड़ी की जांच भी दिल्ली धमाके के संबंध में की जा रही है. अब तक इस मामले में एजेंसी ने करीब 73 चश्मदीदों से पूछताछ की है. एजेंसी द्वारा एक्स पर दी गई जानकारी के मुताबिक फोरेंसिक जांच में यह भी सामने आया है कि गाड़ी मृतक उमर नबी ही चला रहा था.

धमाके के बाद कश्मीर पुलिस ने कई जगह छापेमारी भी की थी. इस विस्फोट की जांच एनआईए के साथ साथ दिल्ली, जम्मू कश्मीर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ कई और एजेंसियां मिलकर कर रही हैं. एनआईए ने कहा है कि कई अलग अलग राज्यों में इस मामले के सिलसिले में जांच की जा रही है. एजेंसी ने यह भी जानकारी दी है कि वह धमाके की साजिश करनेवालों से जुड़े कई पहलुओं की जांच कर रही है.

10 नवंबर की शाम लाल किले के पास हुए धमाके में 12 लोगों की मौत हुई थी और करीब 32 लोग घायल हो गए थे. भारत सरकार ने इस धमाके को आतंकवादी हमला करार देते हुए हमले के लिए जिम्मेदार लोगों, उनके सहयोगियों और प्रायोजकों को न्याय के कटघरे में लाने की बात कही थी.

धमाके के बाद की तस्वीर
एनआईए के साथ साथ कई राज्यों की पुलिस धमाके में शामिल लोगों को खोजने में जुटी हुई है.तस्वीर: Adnan Abidi/REUTERS/ANI