जेम्स मर्डोक को जवाब देना होगा: कैमरन
२३ जुलाई २०११
जेम्स मर्डोक की गवाही की सत्यता पर उठ रहे सवालों पर ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने कहा, "साफ तौर पर जेम्स मर्डोक को वह सवाल मिल गए हैं जिनका उन्हें जवाब संसद को देना है. मुझे भरोसा है कि वह ऐसा करेंगे." उन्होंने न्यूज इंटरनेशल के प्रबंधन को भी लताड़ लगाई. प्रधानमंत्री ने कहा, "साफ तौर पर न्यूज इंटरनेशनल को कई बड़े मुद्दों से निपटना है. संस्थान के मैनेजमेंट को गंदगी की सफाई करनी है."
लेबर पार्टी के सांसद टॉम वॉटसन ने मामले की पुलिस जांच कराने की मांग की है. आरोप है कि न्यूज ऑफ द वर्ल्ड के दो पूर्व शीर्ष अधिकारियों ने ब्रिटेन की संसदीय समिति के सवालों का जवाब देते हुए विवादित सबूत पेश किए. रुपर्ट मर्डोक की कंपनी न्यूज कॉर्प की ब्रिटिश कंपनी द न्यूज इंटरनेशल के चैयरमैन जेम्स मर्डोक की सफाई पर भी संदेह जताया जा रहा है. जेम्स मर्डोक ने संसद से कहा कि उन्हें किसी ऐसे ईमेल की जानकारी नहीं है कि जिसमें यह कहा गया था कि हैकिंग एक शरारती रिपोर्टर से कहीं आगे जाती है.
जेम्स मर्डोक संसदीय समिति से यह भी कह चुके है कि वह अपनी गवाही पर कायम हैं. मंगलवार को जेम्स अपने पिता रुपर्ट मर्डोक के साथ ब्रिटेन की संसद हाउस ऑफ कॉमन्स की संस्कृति, मीडिया और खेल मामलों की समिति के सामने पेश हुए. जेम्स ने कहा कि उन्हें फोन हैकिंग के बारे ज्यादा जानकारी नहीं थी. उन्हें ऐसा लगा कि यह सिर्फ एक शरारती रिपोर्टर का काम है.
लेकिन मामला तब पेंचीदा हो गया जब गुरुवार को न्यूज ऑफ द वर्ल्ड के पूर्व संपादक कॉलिन मायलर और न्यूज इंटरनेशल के कानूनी प्रबंधक कॉम क्रोने ने अलग बयान दिए. दोनों ने कहा कि उन्होंने फोन हैकिंग के बारे में जेम्स मर्डोक को बताया था. मायलर और क्रोन अब भी अपने बयान पर कायम हैं.
इसके बाद से जेम्स मर्डोक पर संसदीय समिति को गुमराह करने की कोशिश करने के आरोप लग रहे हैं. आरोपों के बाद जेम्स मर्डोक ने समिति के अध्यक्ष जॉन व्हाइटिंगडेल को एक पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने कहा, "आपकी समिति के सामने हुई मेरी गवाही की सच्चाई को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं. जैसा कि आपको पता है, मुझे विस्तार से सवाल पूछे गए और मैंने सच्चाई से उनका जवाब दिया. मैं अपनी गवाही पर कायम हूं."
रिपोर्ट: एजेंसियां/ओ सिंह
संपादन: एस गौड़