1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

जापान फिर शुरू करेगा व्हेल का शिकार

२६ दिसम्बर २०१८

जापान जुलाई 2019 में व्हेल का व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए शिकार फिर से शुरू कर देगा. इस मुद्दे पर जापान की काफी आलोचना होती रही है लेकिन उसका कहना है कि व्हेल का मीट खाना जापानी संस्कृति का हिस्सा है.

https://p.dw.com/p/3AdpE
Japan Symbolbild Walfang
तस्वीर: picture-alliance/AP Images/M. Suzuki

जापान की सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा है कि उनका देश अंतरराष्ट्रीय व्हेलिंग कमिशन से हट रहा है. इसका मतलब है कि जापान जुलाई 2019 से व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए फिर से व्हेल का शिकार शुरू कर देगा.

जापान सरकार के सर्वोच्च प्रवक्ता योशिहिदे सुगा ने पत्रकारों से कहा, "व्यावसायिक व्हेलिंग अगले साल जुलाई से दोबारा शुरू हो जाएगी. यह जापान की जलसीमा और विशेष आर्थिक जोनों तक सीमित रहेगी. हम अंटार्टिक सागर या फिर दक्षिणी गोलार्ध में व्हेल का शिकार नहीं करेंगे."

सुगा ने कहा कि जापान इस साल के अंत तक अपने फैसले से अंतरराष्ट्रीय व्हेलिंग कमीशन को अवगत करा देगा और यह फैसला 30 जून 2019 से लागू होगा.

क्यों मर रही हैं व्हेलें

जापान सरकार ने व्हेलिंग कमिशन को मनाने की कोशिश की कि उसे व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए व्हेल के शिकार की अनुमित दी जाए, लेकिन इस अंतरराष्ट्रीय संस्था ने सितंबर में उसकी बात को मानने से इनकार कर दिया. ऐसे में, यही उम्मीद थी कि जापान इस कमिशन से हट जाएगा.

इस तरह, जापान भी आइसलैंड और नॉर्वे के साथ उन देशों में शामिल हो जाएगा जो व्हेल के शिकार पर अंतरराष्ट्रीय व्हेलिंग कमिशन की तरफ से लगाए गए प्रतिबंध की परवाह किए बिना इस विशाल समुद्री जीव का शिकार करते हैं.

अंतरराष्ट्रीय व्हेलिंग कमिशन ने 1986 में ही व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए व्हेल के शिकार पर प्रतिबंध लगाते हुए उनकी आबादी को खत्म होने से रोकने की अपील की थी. इसके बावजूद जापान में हर साल अनुमानित 450 व्हेल मारी जाती हैं. जापान अंटार्कटिका में भी अपनी व्हेल गतिविधियों को जारी रखे हुए है.

न्यूजीलैंड में 145 व्हेलों की मौत

जापान इस बारे में अपनी आलोचना को खारिज करता है और व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए व्हेल के शिकार का बचाव करता है. जापान सरकार लंबे समय से कहती रही है कि ज्यादातर व्हेल प्रजातियों के अस्तित्व पर कोई संकट नहीं मंडरा रहा है और व्हेल का मीट खाना जापानी संस्कृति का हिस्सा रहा है. जापान के व्हेलिंग एसोसिएशन का कहना है कि जापान में व्हेल के शिकार की परंपरा 12वीं सदी से चली आ रही है. उस वक्त मछुआरे अपनी बर्छियों से इस जीव का शिकार करते थे.

वहीं, ग्रीन पीस जापान के कार्यकारी निदेशक सैम अनेस्ले ने अंतरराष्ट्रीय व्हेलिंग कमिशन से हटने के सरकार के फैसले की आलोचना की है. उन्होंने कहा, "यह साफ है कि सरकार साल के आखिर में इस तरह के फैसले की घोषणा कर रही है ताकि अंतराष्ट्रीय मीडिया में इस बात को लेकर ज्यादा सुर्खियां ना बनें, लेकिन दुनिया सब देख रही है कि क्या हो रहा है."

उन्होंने कहा, "जापान की सरकार को व्यावसायिक व्हेलिंग करने की बजाय समुद्री के ईको सिस्टम को संरक्षित करने के लिए कदम उठाने चाहिए."

एके/ओएसजे (एपी, एएफपी, रॉयटर्स)

इस विषय पर और जानकारी को स्किप करें

इस विषय पर और जानकारी