1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें
कला

यह है लियोनार्डो दा विंची की कला का राज

२९ अप्रैल २०१९

क्या आप जानते हैं मोना लिसा जैसी अभूतपूर्व कृति की रचना करने वाले लियोनार्डो दा विंची को अपनी कला के लिए प्रेरणा कहां से मिलती थी? उनकी जड़ें कहां थीं और ऐसा क्या था जिसने उन्हें कलाकार बना दिया.

https://p.dw.com/p/3Hc8l
Italien Vinci - Leonardo Da Vincis Geburtsort
तस्वीर: AFP/F. Monteforte

हवा के झोंकों के बीच जैतून के पेड़ पर मंडराती तितलियां इटली के विंची गांव की रौनक को बढ़ा रही हैं. इटली के टस्कनी का विंची गांव मशहूर कलाकार लियोनार्डो दा विंची का जन्मस्थल है और यही वह खास जगह है जिसकी प्रकृति दा विंची को बचपन से ही कलाकार बनने के लिए प्रेरित करती रही.

दा विंची की कृतियों को समझना है तो इस गांव का दौरा काम का साबित हो सकता है. स्थानीय लोग कहते हैं कि दा विंची की पेंटिंग में जिस तरह की छवियां उकेरी गई हैं उसके मुकाबले असल वातावरण सालों बाद कुछ तो जरूर बदला है लेकिन अब भी काफी कुछ वैसा ही है. गांव के स्थानीय लोग उनकी 500वीं पुण्यतिथि की तैयारियां कर रहे हैं.

Italien Vinci - Leonardo Da Vincis Geburtsort
लियोनार्डो दा विंची का घरतस्वीर: AFP/F. Monteforte

विशेषज्ञ मानते हैं मोना लिसा की पेंटिंग रचने वाले पुनर्जागरण काल के अभूतपूर्व कलाकार लियोनार्डो दा विंची के जीवन में विंची गांव में मिली परवरिश और स्थानीय माहौल का खासा असर दिखता है. लियोनार्डो दा विंची म्यूजियम के डायरेक्टर रोबेर्ता बरसांती  कहती हैं कि कलाकार को प्रेरित करने वाले परिदृश्य, छवियां अब भी वैसे ही बरकार हैं. उन्होंने बताया कि दा विंची के पैतृक घर के करीब अब भी वैसा ही नजारा देखा जा सकता है जो उनकी 1473 की शुरुआती पेंटिंग में नजर आता है.

दा विंची का जन्म 15 अप्रैल 1452 को हुआ था. उस वक्त उनके माता पिता की शादी नहीं हुई थी. पिता एक नोटरी अधिकारी थे और मां किसान परिवार से तालुक्क रखती थीं. दा विंची को उनके चाचा और दादा ने पाला था और उन्हीं के साथ रहते हुए उन्होंने गांव-देहात की यात्रा की और प्राकृतिक नजारों को दिमाग में कैद कर लिया. उसी दौरान दा विंची ने पशु, पक्षी, फूल, पत्ती आदि को उकेरने की कला भी सीखी.

दा विंची को नदियां और मिलें बहुत प्रभावित करती थीं. उन्होंने कई सेल्फ पोट्रेट भी बनाए, जिनमें वह तनी भौहों और लंबी दाढ़ी वाले व्यक्ति के रूप में नजर आते हैं. पेंटिंग से इतर दा विंची की संगीत, मूर्तिकला, वास्तुकला और इंजीनियरिंग में भी रुचि थी. जानकार मानते हैं कि उनके काम में ग्रामीण परिवेश की गूंज हमेशा नजर आई.

Italien Vinci - Leonardo Da Vincis Geburtsort
तस्वीर: AFP/F. Monteforte

आज भी हजारों पर्यटक उनके जीवन में झांकने के लिए उनके गांव पहुंचते हैं. 2 मई 1519 को जीवन की अंतिम सांस लेने वाले दा विंची की लोकप्रियता आज भी दुनिया भर में बरकरार है.

एए/आईबी (एएफपी)

ये हैं लियोनार्डो दा विंची की सबसे जानी-मानी पेंटिंग

इस विषय पर और जानकारी को स्किप करें

इस विषय पर और जानकारी