अंतरराष्ट्रीय संगठनों की मुखिया बनती महिलाएं
विश्व व्यापार संगठन की मुखिया गोजी ओकोंजो-ईवियाला उन चुनिंदा महिलाओं में शामिल हो गईं हैं जिन्हें अंतरराष्ट्रीय संगठनों का नेतृत्व करने के लिए चुना गया है. एक नजर इस मकाम पर पहुंचीं उनके जैसे दूसरी महिलाओं पर.
गोजी ओकोंजो-ईवियाला
नाइजीरिया की गोजी ओकोंजो-ईवियाला विश्व व्यापार संगठन की पहली महिला मुखिया चुनी गई हैं. इसी के साथ उन्होंने दोहरी उपलब्धि अपने नाम की है. वो डब्ल्यूटीओ की मुखिया बनने वाली पहली महिला भी बन गई हैं और यह स्थान हासिल करने वाली अफ्रीकी मूल की पहली व्यक्ति भी बन गई हैं.
क्रिस्टीन लागार्द
क्रिस्टीन लागार्द 2019 में यूरोपीय केंद्रीय बैंक की अध्यक्ष बनी थीं. यह बैंक के दो दशक के इतिहास में पहली बार था जब किसी महिला ने यह पद हासिल किया था. लागार्द इससे पहले अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की पहली अध्यक्ष और फ्रांस की पहली वित्त मंत्री भी रह चुकी हैं.
उर्सुला फॉन डर लेयेन
उर्सुला फॉन डर लेयेन 2019 में यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष के कार्यभार को संभालने वाली पहली महिला बनीं. इसके पहले वो छह साल तक जर्मनी की रक्षा मंत्री रहीं. उस समय उन्हें चांसलर आंगेला मैर्केल की उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता था.
जेनेट येलेन
2014 में जेनेट येलेन ने अमेरिका के शक्तिशाली फेडरल रिजर्व की पहली महिला अध्यक्ष बन कर इतिहास रच दिया. चार साल बाद तत्कालीन राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने उन्हें पद से हटा दिया, लेकिन 2021 में वो एक बार फिर एक महत्वपूर्ण पद पर लौटीं और अमेरिका की पहली महिला वित्त मंत्री बनीं.
क्रिस्टालिना जॉरजीयेवा
बुल्गारिया की क्रिस्टालिना जॉरजीयेवा लागार्द के बाद आईएमएफ की अध्यक्ष बनने वाली दूसरी महिला हैं. वो एक अर्थशास्त्री हैं और इसके पहले विश्व बैंक की डायरेक्टर जनरल का पद भी संभाल चुकी हैं.
विन्नी ब्यानयीमा
विन्नी ब्यानयीमा 2019 में संयुक्त राष्ट्र के एचआईवी/एड्स से लड़ने वाले कार्यक्रम (यूएनएड्स) की पहली महिला अध्यक्ष बनीं. वो इसके पहले ऑक्सफैम की मुखिया रह चुकी थीं और संयक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) में भी काम कर चुकी थीं.
ऑड्रे अजूले
ऑड्रे अजूले इस समय संयुक्त राष्ट्र के सांस्कृतिक संगठन यूनेस्को की मुखिया हैं. वो फ्रांस की संस्कृति मंत्री भी रह चुकी हैं और यूनेस्को का नेतृत्व करने वाली दूसरी महिला हैं. उनके पहले बुल्गारिया की आइरिना बोरकोवा इस पद पर रह चुकी हैं. संयुक्त राष्ट्र का नेतृत्व अभी तक किसी महिला ने नहीं किया है.
संख्या अभी भी कम
महिलाओं के इतने सारे संस्थानों की मुखिया बन जाने के बावजूद आज भी इस मामले में पुरुषों का ही वर्चस्व है. 2020 में ऑफिशियल मोनेटरी एंड फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस फोरम द्वारा किए गए एक अध्ययन में सामने आया कि दुनिया के 173 केंद्रीय बैंकों में सिर्फ 14 की अध्यक्ष महिलाएं हैं. (एएफपी)
__________________________
हमसे जुड़ें: Facebook | Twitter | YouTube | GooglePlay | AppStore