सुपर मारियो पर बनी फिल्म तोड़ रही है बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड
मुमकिन है आपने भी कभी सुपर मारियो वीडियो गेम खेला होगा. अब उसी पर बनी एनिमेशन फिल्म बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़ रही है. आखिर कब और कैसे शुरू हुआ था सुपर मारियो?

सुपरहिट फिल्म
मूंछ, नीले रंग के कपड़े और लाल टोपी: वीडियो गेम कैरेक्टर सुपर मारियो अब एक फिल्म में है और वह राजकुमारी पीच और उनके सहायक तोड के साथ मिल कर अपने फैंस को रिझा रहा है. वैरायटी पत्रिका के मुताबिक इस फिल्म ने 17 अप्रैल, 2023 तक 57 अरब रुपयों से भी ज्यादा की कमाई कर ली है.
दुनिया का सबसे सफल वीडियो गेम
सुपर मारियो को दुनिया के सबसे सफल वीडियो गेम फ्रैंचाइजी के रूप में जाना जाता है. 2005 में सुपर मारियो को हॉलीवुड 'वॉक ऑफ फेम' की तर्ज पर सैन फ्रांसिस्को में बने "वॉक ऑफ गेम' में एक सितारा मिल गया था.
मिलिए बनाने वाले से
सुपर मारियो को बनाने वाले शिगेरु मियामोतो जापानी कंपनी निंतेंदो में लंबे समय से वीडियो गेम बनाने का काम करते हैं. उन्होंने और भी कई गेम बनाए हैं. 70 साल के मियामोतो कंपनी के प्रबंधक निदेशक भी रह चुके हैं. अब वो वहां क्रिएटिव फेलो हैं.
शुरुआत हुई एक गोरिल्ला से
1981 में आई गेम "डोंकी किंग" में मारियो एक बढ़ई था जिसकी गर्लफ्रेंड को एक गोरिल्ला बंधक बना लेता है और फिर मारियो को उसे बचाना होता है. इस गेम से निंतेंदो ने अमेरिकी बाजार में अपने झंडे गाड़ दिए और यह पैकमैन के बाद अमरिका की दूसरी सबसे सफल वीडियो गेम बन गया.
मारियो बना सितारा
मारियो का डिजाइन ग्राफिक क्षमताओं से प्रभावित हुआ. शुरू में मुंह के मुकाबले मूंछ बनाना ज्यादा आसान था और टोपी बना देने से डिजाइनर बाल बनाने के मुश्किल काम से भी बच गए. इसका नाम भी हमेशा से मारियो नहीं था. शुरू में उसके "मिस्टर वीडियो" और "जम्पमैन" जैसे नाम थे.
मारियो और लुईगी की हिट टीम
1983 में आए वीडियो गेम "मारियो ब्रदर्स" में मारियो के भाई लुईगी को लॉन्च किया गया. लेकिन मारियो बंधू की जोड़ी 1985 में आए अगले गेम "सुपर मारियो ब्रदर्स" के बाद ही हिट हो पाई. उस गेम ने तो इतिहास ही रच डाला. उसे आज इतिहास के सबसे सफल वीडियो गेमों में जाना जाता है. बाद के सालों में उसी गेम से कई और डिजाइनर प्रेरित भी हुए.
पहले भी बन चुकी है फिल्म
गेम की सफलता के बाद उस पर टीवी सीरीज और एक फिल्म भी आई लेकिन ना सीरीज चल पाई और ना फिल्म. 1993 में आई फिल्म "सुपर मारियो ब्रदर्स" में बॉब होस्किंस ने मारियो का और डेनिस हॉपर ने लुईगी का किरदार निभाया, लेकिन फिल्म फ्लॉप हो गई.
गेम की लोकप्रियता बनी रही
"मारियो ब्रदर्स" गेम की लोकप्रियता बनी रही और उसके अलग अलग संस्करण भी हिट हुए. गेम 1990 के सबसे लोकप्रिय मोबाइल कंसोल गेमबॉय पर खेली जाती थी और 2006 में आए मोशन सेंसर वाले 'निंतेंदो वाई' कंसोल पर भी. मारियो थ्रीडी में भी आया और 2016 में गेम स्मार्टफोन पर भी आ गई.
मारियो की आवाज
सबके अंदर एक छोटा मारियो हो सकता है लेकिन असली मारियो की आवाज सिर्फ एक है. अमेरिकी एक्टर चार्ल्स मार्टिनेट 1995 से मारियो की आवाज बने हुए हैं. मार्टिनेट की आवाज गेम में जापानी संस्करण में भी है. उन्हें अक्सर दुनिया भर में गेमिंग कार्यक्रमों में देखा जा सकता है.
मारियो यूनिवर्स
मारियो में किरदारों की संख्या काफी बढ़ी है. इनमें योशी, बाउजर या किंग बू हू, लुईगी, तोड और राजकुमारी डेजी शामिल हैं. 1980 के दशक में आया "सुपर मारियो ब्रदर्स" गेम का साउंडट्रैक अमेरिका की नेशनल रिकॉर्डिंग रजिस्ट्री में शामिल किया जाने वाला पहला वीडियो गेम संगीत बना. (जूलिया हिट्ज)