टेनिस से विदा हुए ‘लाल बजरी के बादशाह’ रफाएल नडाल
स्पेन के मशहूर टेनिस खिलाड़ी रफाएल नडाल ने 19 नवंबर को अपने करियर का आखिरी मैच खेलने के बाद संन्यास ले लिया. फाइनल मुकाबले में उन्हें भले ही हार का सामना करना पड़ा लेकिन वह टेनिस के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं.

पहले और आखिरी मैच में मिली हार
रफाएल नडाल ने डेविस कप में अपने करियर का आखिरी मैच हार के साथ खत्म किया. यह हार उन्हें डेविस कप में लगातार 29 मैच जीतने के बाद मिली. 2004 में डेविस कप के पहले मैच में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.
22 ग्रैंड स्लैम किए अपने नाम
अपने टेनिस करियर में नडाल कुल 22 ग्रैंड स्लैम जीतकर इतिहास रच चुके हैं. एकल मुकाबलों में सबसे ज्यादा खिताब जीतने के मामले में नोवाक जोकोविच ही उनसे आगे हैं, जिन्होंने अब तक 24 खिताब अपने नाम किए हैं. तीसरे नंबर पर टेनिस दिग्गज रोजर फेडरर हैं, जिन्होंने 20 ग्रैंड स्लैम जीते हैं.
आखिरी मैच में हुए भावुक
आखिरी मुकाबला खत्म करने के बाद नडाल भावुक हो गए. अपनी सरजमीन पर दर्शकों का अभिवादन करते हुए उन्होंने कहा, "मैं टेनिस खेलने से थका नहीं हूं, लेकिन मेरा शरीर अब मुझे आगे खेलने की इजाजत नहीं देता. मैं खुद को बहुत भाग्यशाली समझता हूं क्योंकि, मैं अपने शौक को अपना करियर बना पाया और उम्मीद से कहीं ज्यादा समय तक खेल पाया."
‘छोटे गांव के लड़के को याद रखना’
मैच के बाद आयोजित सम्मान समारोह में नडाल ने अपने शानदार करियर के लिए कई लोगों को श्रेय दिया. उन्होंने अपने चाचा और बचपन के कोच टोनी नडाल को टेनिस में आने का श्रेय दिया. उन्होंने कहा, “मैं किस्मत वाला था क्योंकि बचपन में मेरे चाचा गांव में टेनिस सिखाते थे. मुझे उनका और पूरे परिवार का भरपूर समर्थन मिला. मायोर्का के छोटे से गांव से आए इस लड़के को हमेशा याद रखना.”
शानदार करियर रिकॉर्ड
रफाएल नडाल ने कुल 22 ग्रैंड स्लैम जीते हैं. उन्होंने सबसे ज्यादा, 14 बार फ्रेंच ओपन, चार बार यूएस ओपन, दो बार विंबलडन और दो बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब अपने नाम किया है. 36 साल की उम्र में फ्रेंच ओपन जीतने वाले वे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी थे.
लाल बजरी का बादशाह
रफाएल नडाल क्ले यानी मिट्टी के कोर्ट पर बेहतरीन प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं. टेनिस में फ्रेंच ओपन टूर्नामेंट लाल मिट्टी पर खेला जाता है. फ्रेंच ओपन में 14 खिताब और रिकॉर्ड 112 मैच जीतने की वजह से उन्हें ‘लाल बजरी का बादशाह’ कहा जाता है.
गोल्डन स्लैम जीतने वाले तीसरे खिलाड़ी
रफाएल नडाल गोल्डन स्लैम जीतने वाले दुनिया के तीसरे पुरुष खिलाड़ी हैं. जो खिलाड़ी एक ही साल में चारों ग्रैंड स्लैम यानी विंबलडन, यूएस ओपन, फ्रेंच ओपन, ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने के साथ ओलंपिक में गोल्ड मेडल हासिल करता है, उसे ये खिताब दिया जाता है. नडाल ने 2008 में यह कारनामा किया था.
फेडरर ने लिखा पत्र
पूर्व टेनिस दिग्गज रोजर फेडरर ने नडाल के संन्यास पर एक पत्र लिखा. “आप टेनिस से संन्यास लेने की तैयारी में हैं, मैं भावुक होने से पहले बहुत कुछ कहना चाहता हूं. आपने मुझे जितनी बार हराया, मैं आपको उतनी बार नहीं हरा पाया. मैं आपका पुराना दोस्त होने के नाते आपको बताना चाहता हूं कि मैं हमेशा आपका उत्साहवर्धन करता रहूंगा.”