दुनिया के सबसे इनोवेटिव देश, चीन पहली बार टॉप 10 में
संयुक्त राष्ट्र ने इनोवेटिव देशों की अपनी सालाना रैंकिंग जारी की है. इस रैंकिंग में चीन पहली बार टॉप 10 देशों में शामिल हुआ है और जर्मनी बाहर हो गया है.

स्विट्जरलैंड, सबसे इनोवेटिव देश
स्विट्जरलैंड लगातार 15वें साल दुनिया का सबसे इनोवेटिव देश बना रहा है. हालांकि पूरी दुनिया में इनोवेशन का स्तर 15 साल में सबसे नीचे पहुंच गया है.
स्वीडन
दूसरे नंबर पर स्थिर, छोटे देश के बावजूद रिसर्च में मजबूत स्वीडन ने पिछले साल की अपनी रैंकिंग बरकार रखी है और वह दुनिया का दूसरा सबसे इनोवेटिव देश आंका गया है.
अमेरिका
तीसरे नंबर पर अमेरिका है जिसकी रफ्तार को जेनरेटिव एआई और मेगा-डील्स ने गति दी है. पिछले साल भी अमेरिका तीसरे नंबर पर था.
दक्षिण कोरिया
टेक और सेमीकंडक्टर में मजबूत स्थिति के साथ दक्षिण कोरिया को इस साल भी दुनिया का चौथा सबसे इनोवेटिव देश आंका गया है.
सिंगापुर
सिंगापुर ने इनोवेशन को लेकर नीतियां बनाने और इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में काफी गंभीरता दिखाई है. इसके चलते वह इस साल भी पांचवें नंबर पर कायम है.
ब्रिटेन
ब्रिटेन ने रिसर्च संस्थानों को मजबूत करने पर काफी काम किया है जिसके चलते इनोवेशन के नतीजे नजर आए हैं और वह छठे नंबर पर है.
फिनलैंड
फिनलैंड ने शिक्षा पर काफी जोर दिया है और वह दुनिया का सातवां सबसे इनोवेटिव देश बना हुआ है.
नीदरलैंड्स
शोध और हाई-टेक एक्सपोर्ट में अगुआ नीदरलैंड्स को इनोवेटिव तकनीकों और प्रॉडक्ट्स के लिए काफी नाम मिला है और वह आठवें नंबर पर है.
डेनमार्क
डेनमार्क ने पर्यावरण के अनुकूल तकनीक के विकास और रिसर्च के क्षेत्र को बेहतर बनाया है. इसके आधार पर वह नौवें नंबर पर है.
चीन, पहली बार टॉप 10 में
इनोवेटिव देशों की सूची में चीन पहली बार टॉप 10 में पहुंच गया है. उसने जर्मनी को पीछे छोड़ा है जो अब 11वें नंबर पर खिसक गया है.
भारत
भारत इस सूची में 38वें नंबर पर है. हालांकि लोअर मिडल इनकम ग्रुप और मध्य और दक्षिण एशिया ग्रुप में उसे पहला नंबर मिला है.