ऐसे मनाया जा रहा है दुनियाभर में वसंत का जश्न
पूरी दुनिया में वसंत का असर दिख रहा है. अलग-अलग देशों में अलग-अलग तरीकों से उत्सव मनाए जा रहे हैं. दक्षिणी अमेरिका, यूरोप और एशिया में ऐसे आयोजनों की कुछ झलकियां.

उरुग्वे का सबसे लंबा कार्निवाल
उरुग्वे की राजधानी मोंटेवीडियो में आयोजित ललामाडस परेड के दौरान पारंपरिक कैंडोम्बे संगीत पर नृत्य करती एक डांसर. इसमें डांसर और ड्रम बजाने वाले एक समूह में होते हैं, जिसे 'कोमपार्सा' कहा जाता है. यह कार्निवाल दुनिया में सबसे लंबा चलता है.
ला पाज, बोलीविया के रंग
ला पाज, बोलीविया में रंगारंग कार्निवाल सीजन की शुरुआत इसी हफ्ते हुई. समारोह में सांता क्रूज डे ला सिएरा की कार्निवल रानी दयाना मोलिना एक कार्निवल कैरेक्टर "पेपिनो" बने आदमी को गले लगाते हुए. इसी कार्यक्रम के साथ कार्निवाल का आगाज हुआ.
फ्रांस में जानवरों का राजा
यूरोप भी अपने कार्निवल के लिए मशहूर है. अलग अलग देशों में इसे मनाने का तरीका भी अलग अलग है. ये है फ्रांस में आयोजित 137वें नीस कार्निवल के दौरान एक कलाकार की तस्वीर. इस नृत्य नाट्य की थीम थी, "जानवरों का राजा".
पानी पर बसे वेनिस का नजारा
वेनिस कार्निवाल, इटली में मास्क और रंगबिरंगी पोशाकें पहने लोग. बड़े-बड़े शहरों में होने वाले ऐसे उत्सवों से अलग यूरोप में कई जगह छोटे गांवों और कस्बों में भी ऐसे कार्निवाल आयोजित होते हैं.
गांवों में भी उत्सव
क्रोएशिया के परमानी गांव में आयोजित पारंपरिक कार्निवाल के जुलूस में शामिल बेल रिंगर्स, जिन्हें स्थानीय भाषा में "मुसीसेवी स्वोनचारी" कहते हैं. उत्सव के जश्न से कोई छूट न जाए, इसलिए जुलूस के रूप में खुद ही कार्निवाल लोगों तक जाता है.
यूनेस्को विरासत है ये कार्निवाल
चेक गणराज्य के हैमरी में आयोजित पारंपरिक स्लाव कार्निवाल. इस आयोजन को यूनेस्को की 'मास्टरपीस ऑफ ओरल एंड इनटैंजिबल हेरिटेज ऑफ ह्यूमैनिटी' लिस्ट में भी शामिल किया गया है.
भारत में गुलाबी सर्दियों वाला वसंत
भारत भी वसंत के खुमार में है. यहां हाल ही में वसंत पंचमी या सरस्वती पूजा जैसे त्योहार मनाए गए. यह फूलों के खिलने का मौसम भी है और हल्की सर्दियां यहां मौसम में चार चांद लगा रही हैं. (रिपोर्ट: एडी)