1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

बिहार: अमित शाह-राहुल गांधी ने लगाई वादों और आरोपों की झड़ी

आदर्श शर्मा एएनआई, एपी | रजत शर्मा एएफपी, डीपीए, रॉयटर्स
प्रकाशित २९ अक्टूबर २०२५आखिरी अपडेट २९ अक्टूबर २०२५

स्वागत है DW हिन्दी के लाइव ब्लॉग पर, जहां दिनभर की तमाम ब्रेकिंग न्यूज और अपडेट्स हम एक साथ पेश करते हैं ताकि आपको सारी बड़ी और जरूरी खबरें एक साथ मिल जाएं.

https://p.dw.com/p/52jdw
बिहार के बक्सर में आयोजित जनसभा में केंद्रीय गृह मंत्री को बड़ी माला पहनाकर स्वागत करते कार्यकर्ता
अमित शाह ने बुधवार को बिहार के तीन अलग-अलग जिलों में जनसभाएं कींतस्वीर: @AmitShah X/ANI Photo
आपके लिए अहम जानकारी को स्किप करें
दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी एनवीडिया, कई देशों की जीडीपी से ज्यादा बाजार कीमत को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी एनवीडिया, कई देशों की जीडीपी से ज्यादा बाजार कीमत

एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग हाथ में पकड़ी एक चिप दिखाते हुए
एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंगतस्वीर: PATRICK T. FALLON/AFP

अमेरिकी एआई चिप निर्माता एनवीडिया बुधवार, 28 अक्टूबर को 5 ट्रिलियन डॉलर बाजार मूल्य हासिल करने वाली दुनिया की पहली कंपनी बनी. कैलिफोर्निया की इस दिग्गज टेक कंपनी की वॉल स्ट्रीट पर शेयरों की कीमतें बुधवार को 4.91 प्रतिशत बढ़कर 210.90 डॉलर से पार हो गई, जिससे एनवीडिया का मार्केट कैपिटल इस अभूतपूर्व स्तर को पार कर गया.

विश्लेषकों के मुताबिक, कंपनी के शेयर में उछाल लगातार मजबूत बिक्री और कई नए सौदों के साथ की वजह से आया. इसी हफ्ते एनवीडिया ने यूरोपीय कंपनी नोकिया के साथ साझेदारी की है. इसके अलावा उम्मीद है कि कंपनी को जल्द ही चीनी बाजार में वापसी मिल सकती है. एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग इस हफ्ते दक्षिण कोरिया में रहेंगे. वे यहां एपीईसी शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और उनके चीनी समकक्ष शी जिनपिंग की मुलाकात के मौके पर मौजूद रहेंगे.

चीनी सरकार के प्रतिबंध, राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंताओं और अमेरिका-चीन के बीच जारी व्यापारिक तनाव के कारण वर्तमान में एनवीडिया की एडवांस चिप्स चीनी बाजार में उपलब्ध नहीं हैं. एनवीडिया उन उन्नत ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट्स (जीपीयू) का निर्माण करता है जिससे ज्यादातर एआई सिस्टम चल रहे हैं. चैटजीपीटी और परप्लेक्सिटी जैसी एआई कंपनियां एनवीडिया की ग्राहक हैं.

पढ़ें: कैसी है भारत की पहली स्वदेशी सेमीकंडक्टर चिप 'विक्रम'

https://p.dw.com/p/52mhy
कैरेबियाई सागर में मेलिसा चक्रवात से तबाही, जमैका बुरी तरह प्रभावित को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

कैरेबियाई सागर में मेलिसा चक्रवात से तबाही, जमैका बुरी तरह प्रभावित

एक घर की उड़ी हुई छत
हरिकेन मेलिसा के बाद घरों को पहुंचे नुकसान की बानगीतस्वीर: RICARDO MAKYN/AFP/Getty Images

कैरेबियाई सागर में आए भीषण हरिकेन (चक्रवाती तूफान) मेलिसा से जमैका बहुत बुरी तरह प्रभावित हुआ है. पूरे द्वीप में मूसलाधार बारिश हुई और चरम स्तर पर हवाओं की रफ्तार 295 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची. न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, यह बीते 90 साल में आया सबसे भीषण चक्रवात है. 

अमेरिका के राष्ट्रीय महासागरीय और वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) के मौसम विज्ञान के आंकड़े बताते हैं कि इससे पहले 1935 में इस तीव्रता का तूफान आया था. फिलहाल हरिकेन जमैका से गुजरकर क्यूबा की ओर बढ़ गया है. क्यूबा में करीब साढ़ सात लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है.

बाढ़ से जमैका के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में मंगलवार को काफी नुकसान हुआ. तेज हवाओं ने मकानों की छतें उड़ा दीं और पत्थर सड़कों पर गिर पड़े. भूस्खलन और कई पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है. इसके चलते करीब 77% आबादी के पास फिलहाल बिजली नहीं हैं. प्रशासन ने मुताबिक, हरिकेन मेलिसा अपने अधिकतम स्तर 5 से घटकर 3 तक आया लेकिन कुछ वक्त बाद फिर से बढ़ने लगा. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, नुकसान का अनुमान लगाने के लिए और सड़कों से मलबा हटाने में अभी समय लगेगा.

चक्रवात बनते कैसे हैं और अमेरिका में इतने क्यों आते हैं?

https://p.dw.com/p/52mSO
मर्सिडीज का तिमाही मुनाफा 30% गिरा, ट्रंप के टैरिफ और चीन में मुश्किलें वजह को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

मर्सिडीज का तिमाही मुनाफा 30% गिरा, ट्रंप के टैरिफ और चीन में मुश्किलें वजह

मर्सिडीज की कॉन्सेप्ट कार
चीन, मर्सिडीज-बेंज के लिए एक बड़ा बाजार है. लेकिन वहां मंदी पड़ती मांग कंपनी के लिए चुनौतियां बढ़ा रही हैतस्वीर: Markus Lenhardt/dpa/picture alliance

जर्मनी की प्रीमियम कार निर्माता मर्सिडीज-बेंज ने बुधवार को अपनी तीसरी तिमाही में अपने मुनाफे में 30.8% की गिरावट दर्ज की है. अमेरिका में टैरिफ और चीन में कमजोर बिक्री इसका बड़ा कारण रहे. कंपनी का शुद्ध लाभ 30.8 प्रतिशत गिरकर 1.19 अरब यूरो रह गया, जो वित्तीय डेटा फर्म फैक्टसेट के सर्वे में विश्लेषकों की उम्मीद (1.09 अरब यूरो) से ज्यादा है. मर्सिडीज-बेंज के प्रमुख ओला केलेनियुस ने कहा, “हमारे तीसरे तिमाही के नतीजे पूरी वित्तीय वर्ष के अनुमान मुताबिक ही हैं.”

जुलाई में, ट्रंप प्रशासन के टैरिफ लागू करने के बाद कंपनी ने अपना वार्षिक अनुमान घटा दिया था और कहा था कि 2025 का कुल राजस्व, पिछले वर्ष के 146 अरब यूरो से “काफी कम” रहने की उम्मीद है. यूरोपीय संघ और अमेरिका के बीच जुलाई में हुए एक समझौते के मुताबिक, ईयू से अमेरिका में निर्यात होने वाली कारों पर 15% टैरिफ लगेगा. समझौते से पहले ट्रंप प्रशासन ने कुल 27.5 फीसदी टैरिफ लगा दिया था. हालांकि, यह ट्रंप के कार्यकाल से पहले के 2.5 फीसदी से कहीं ज्यादा है.

चीन, जर्मन कारों के लिए प्रमुख बाजार है. बीती तिमाही में यहां बिक्री में 27 प्रतिशत की गिरावट आई, जिससे कुल सालाना बिक्री 12 प्रतिशत घट गई है. चीन, विश्व का सबसे बड़ा कार बाजार है और अब जर्मन कार निर्माताओं को बीवाईडी जैसी स्थानीय कंपनियों से मुश्किल प्रतिस्पर्धा करनी पड़ रही है.

चीनी कारों को टक्कर देने की कोशिश कर रहा जर्मनी

https://p.dw.com/p/52mTc
म्यांमार के स्कैम सेंटर से भागकर थाईलैंड गए 500 भारतीयों को वापस लाएगी सरकार को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

म्यांमार के स्कैम सेंटर से भागकर थाईलैंड गए 500 भारतीयों को वापस लाएगी सरकार

केके पार्क से जब्त किए गए डिवाइसों के साथ म्यांमार के सैनिक
म्यांमार की सेना ने केके पार्क साइबरक्राइम कंपाउंड के खिलाफ कई सैन्य अभियान चलाएतस्वीर: The Myanmar Military True News Information Team/AP/dpa/picture alliance

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने बुधवार को कहा कि म्यांमार के स्कैम सेंटर से भागकर थाईलैंड पहुंचे करीब 500 भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए भारत सरकार विमान भेजने की योजना बना रही है. उन्होंने कहा कि भारतीय राजदूत सत्यापन प्रक्रिया में तेजी लाने पर चर्चा करने के लिए इमीग्रेशन प्रमुख से मुलाकात करेंगे.

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, बीते कुछ दिनों में म्यांमार की सेना ने केके पार्क साइबरक्राइम कंपाउंड के खिलाफ कई सैन्य अभियान चलाए, जिसके चलते 28 देशों के 1,500 से अधिक नागरिक भागकर थाईलैंड की सीमा में चले गए. इनमें शामिल भारतीयों की वापसी के लिए योजना बनाई जा रही है.

रॉयटर्स के मुताबिक, कोविड-19 महामारी के बाद से थाईलैंड, म्यांमार, लाओस और कंबोडिया के बीच के सीमावर्ती इलाके ऑनलाइन फ्रॉड का केंद्र बन गए हैं. केके पार्क अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधों में शामिल होने के लिए कुख्यात है. रॉयटर्स के मुताबिक, यह और इसके आसपास के कंपाउंड चीन के आपराधिक गिरोहों द्वारा संचालित किए जाते हैं.

https://p.dw.com/p/52mMU
जर्मन उद्योग की चेतावनी: ट्रंप के टैरिफ दोनों तरफ नुकसान पहुंचाएंगे को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

जर्मन उद्योग की चेतावनी: ट्रंप के टैरिफ दोनों तरफ नुकसान पहुंचाएंगे

स्टील रोल की कतार से गुजरात एक कर्मचारी
जर्मनी के साथ-साथ फ्रांस की स्टील इंडस्ट्री भी मुश्किलें झेल रही हैतस्वीर: Oliver Berg/dpa

जर्मन उद्योग के प्रतिनिधियों ने बुधवार को यूरोपीय संघ से अमेरिका के साथ अपने व्यापार समझौते पर पुनर्विचार करने की अपील की है. जर्मन कंपनियों के लिए, यूरोपीय संघ के स्टील और एल्युमिनियम पर लगाए गए टैरिफ कारोबार के लिए बड़ी चुनौती बन गए हैं. 15 फीसदी मूल टैरिफ के अतिरिक्त, यूरोपीय संघ की कंपनियां, इस साल ट्रंप प्रशासन और यूरोपीय आयोग के बीच हुए समझौते के तहत, अमेरिका को निर्यात की गई मशीनरी के स्टील और एल्युमिनियम वाले हिस्सों पर लगभग 40 फीसदी अतिरिक्त शुल्क चुकाती हैं.

जर्मन मैकेनिकल एंड प्लांट इंजीनियरिंग संघ (वीडीएमए) ने चेतावनी दी कि दिसंबर में होने वाली एक और व्यापार वार्ता के बाद सेक्टर के अन्य उत्पादों पर भी अतिरिक्ट टैरिफ लागू किया जा सकता है. वीडीएमए का अनुमान है कि जर्मन मशीनरी निर्यात का लगभग 56 फीसदी स्टील और एल्युमिनियम टैरिफ से प्रभावित होगा, जो मैकेनिकल इंजीनियरिंग इंडस्ट्री के लगभग सभी हिस्सों को प्रभावित करेगा. 

वीडीएमए के अध्यक्ष बेर्ट्राम कावलाठ ने कहा, “डर है कि अमेरिका इस अनुचित व्यवहार को जारी रखेगा.” उन्होंने यूरोपीय संघ से बातचीत जारी रखने की अपील की. कावलाठ ने अमेरिका को चेताया कि कई तरह के हथियारों के निर्माण के लिए अमेरिका, यूरोप में बनी मशीनों पर निर्भर है. इसलिए बढ़ा टैरिफ उस पर भी बुरा असर डाल सकता है.

ट्रंप के टैरिफ का स्विस घड़ियों की कीमत पर असर

https://p.dw.com/p/52m5H
भारत में आठ नई एसयूवी लॉन्च करना चाहती है सुजुकी को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

भारत में आठ नई एसयूवी लॉन्च करना चाहती है सुजुकी

विटारा के इलेक्ट्रिक वर्जन ई-विटारा को हरी झंडी दिखाते पीएम मोदी और सुजुकी के एक वरिष्ठ अधिकारी
पीएम मोदी ने बीते अगस्त में विटारा के इलेक्ट्रिक वर्जन ई-विटारा को हरी झंडी दिखाई थीतस्वीर: PIB

सुजुकी मोटर्स ने अगले पांच से छह सालों में भारत में आठ एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) लॉन्च करने की योजना बनाई है. जापानी कंपनी के अध्यक्ष तोशीहिरो सुजुकी ने कहा कि इसके जरिए कंपनी भारतीय बाजार में अपनी खोई हुई हिस्सेदारी वापस पाना चाहती है. उन्होंने कहा, “भारत, सुजुकी के लिए सबसे महत्वपूर्ण बाजार है और भारत के लिए हमारी बड़ी योजनाएं हैं.”

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, कोरोना महामारी के दौर से पहले सुजुकी की भारत के कार बाजार में लगभग 50 फीसदी की हिस्सेदारी थी. अब भारत की टाटा और महिंद्रा जैसी कंपनियों से मिल रही कड़ी टक्कर के चलते सुजुकी की हिस्सेदारी घटकर 38 फीसदी पर पहुंच गई है. सुजुकी अब अपनी हिस्सेदारी को पुराने स्तर पर ले जाना चाहती है. 

तोशीहिरो सुजुकी ने कहा, “सुजुकी, भारत में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक कार बेचने वाली कंपनी बनना चाहती है और देश के सबसे बड़े निर्यातक के रूप में अपनी बढ़त को बनाए रखना चाहती है.” रॉयटर्स की मानें तो नई एसयूवी आने के बाद सुजुकी के पास भारत में कारों के कुल 28 मॉडल हो जाएंगे, जिनमें छोटी कारों से लेकर एसयूवी और एमपीवी तक शामिल होंगी.

https://p.dw.com/p/52loR
रूस के तरफ की नाटो सीमा से अपने सैनिक घटाएगा अमेरिका को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

रूस के तरफ की नाटो सीमा से अपने सैनिक घटाएगा अमेरिका

मिहाइल कोगानिचा वायुसेना अड्डे पर तैनात नाटो सैनिक
रोमानिया के मिहाइल कोगानिचा वायुसेना अड्डे पर तैनात नाटो सैनिकतस्वीर: Bernd von Jutrczenka/dpa/picture alliance

अमेरिका ने यूरोप के पूर्वी हिस्से में तैनात अपने सैनिकों की संख्या कम करने की योजना बनाई है, जिसमें रोमानिया के मिहाइल कोगानिचा वायुसेना अड्डे पर तैनात सैनिक भी शामिल हैं. यह जानकारी रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को मीडिया से साझा की. मंत्रालय ने कहा कि वॉशिंगटन की प्राथमिकताओं में बदलाव को देखते हुए इस निर्णय की उम्मीद की जा रही थी.

मंत्रालय के मुताबिक, लगभग 1,000 अमेरिकी सैनिक रोमानिया में तैनात रहेंगे. वहीं, कितने अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाया जाएगा, इसकी पुष्टि नहीं की गई है. अमेरिका, अपने यूरोपीय सहयोगियों को पहले कह चुका है कि उन्हें अपनी सुरक्षा की अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी क्योंकि वह अपने देश की सीमाओं और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र पर ज्यादा ध्यान केंद्रित कर रहा है. 

रक्षा मंत्रालय ने बताया, “यह निर्णय इस बात को भी ध्यान में रखकर लिया गया कि नाटो सदस्यों ने पूर्वी सीमा पर अपनी उपस्थिति और गतिविधियों को बढ़ाया है, जिससे अमेरिका को यूरोप में अपनी सैन्य स्थिति में फेरबदल करने में सहूलियत मिली है.” रोमानिया के रक्षा मंत्री इओनुत मोस्तियानु ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि देश को अमेरिका से एक एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम मिला है, जो रोमानिया को अपने हवाई क्षेत्र में ड्रोन की घुसपैठ से निबटने में मदद करेगा.

https://p.dw.com/p/52lLb
अमित शाह बोले, लालू-राहुल दोनों बांग्लादेशी घुसपैठियों के संरक्षक बने हैं को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

अमित शाह बोले, लालू-राहुल दोनों बांग्लादेशी घुसपैठियों के संरक्षक बने हैं

एक जनसभा को संबोधित करते गृह मंत्री अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि एनडीए में शामिल पांचों पार्टियां पांडवों की तरह मिलकर काम कर रही हैंतस्वीर: Channi Anand/AP/picture alliance

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी प्रमुख लालू यादव पर “बांग्लादेशी घुसपैठियों” के संरक्षण का आरोप लगाया है. उन्होंने बेगूसराय में आयोजित एक जनसभा में कहा, “ये लालू और राहुल दोनों बांग्लादेशी घुसपैठियों के संरक्षक बने हैं. मगर मैं आपसे वादा करके जाता हूं कि हमारे चारों प्रत्याशियों को चुनकर भेज दो, बिहार की भूमि पर से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर निकालने का काम बीजेपी करेगी.” 

शाह ने दरभंगा जिले में आयोजित जनसभा में राजनीति में युवाओं को मौका देने की बात कही. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने 25 साल की युवा मैथिली ठाकुर को टिकट दिया, जिनकी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है. उन्होंने कहा कि लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया जी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं.

शाह ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की जीत का भरोसा जताया. उन्होंने कहा, “14 तारीख को 8 बजे मतगणना शुरू होगी, 9 बजे बैलेट बॉक्स खुलेंगे और 1 बजते-बजते लालू-राहुल का सूपड़ा साफ हो जाएगा.” उन्होंने दावा किया कि एनडीए में शामिल पांचों पार्टियां, पांच पांडवों की तरह मिल-जुलकर चुनाव लड़ रही हैं.

यह भी पढ़ें- बिहार चुनाव में भी जेन-जी निभा सकते हैं अहम भूमिका

https://p.dw.com/p/52l6d
राहुल बोले, मोदी वोट के लिए स्टेज पर आकर नाच लेंगे को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

राहुल बोले, मोदी वोट के लिए स्टेज पर आकर नाच लेंगे

वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर में जनसभा को संबोधित करते राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपने भाषण में नीतीश कुमार पर भी निशाना साधातस्वीर: AICC/ANI Photo

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वोट पाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं. कांग्रेस सांसद ने बिहार के मुजफ्फरपुर में आयोजित जनसभा में कहा, “अगर आप कहोगे कि नरेंद्र मोदी जी आप ऐसा ड्रामा करो वोट के लिए तो वो कर देंगे. जो भी करवाना है, करवा लो…उनसे कहो कि हम आपको वोट देंगे, आप स्टेज पर आकर नाच लो तो वो नाच लेंगे.”

राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की. उन्होंने मुजफ्फरपुर में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के साथ एक संयुक्त जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने बिहार के मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सिर्फ एनडीए का चेहरा हैं, जबकि रिमोट कंट्रोल बीजेपी के हाथ में है. 

पीएम मोदी पर राहुल गांधी के बयान की बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आलोचना की है. उन्होंने एक्स पर राहुल गांधी के बयान की वीडियो साझा करते हुए लिखा, “राहुल गांधी एक “स्थानीय गुंडे” की तरह बोलते हैं. राहुल गांधी ने खुलेआम भारत और बिहार के हर उस गरीब व्यक्ति का अपमान किया है, जिसने पीएम नरेंद्र मोदी को वोट दिया.”

https://p.dw.com/p/52l0I
ट्रंप ने मोदी को “किलर” और आसिम मुनीर को “ग्रेट फाइटर” बताया को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

ट्रंप ने मोदी को “किलर” और आसिम मुनीर को “ग्रेट फाइटर” बताया

जापान में एक एयरक्राफ्ट कैरियर पर जवानों को संबोधित करते राष्ट्रपति ट्रंप
राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाने का दावा कियातस्वीर: Kim Kyung-Hoon/REUTERS

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने व्यापार समझौता ना करने की धमकी देकर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया. ट्रंप ने दक्षिण कोरिया में हो रहे एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कॉऑपरेशन (एपीईसी) समिट से पहले अपने भाषण में यह बात कही. इस दौरान उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के फील्ड मार्शल जनरल आसिम मुनीर की तारीफ की. 

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ट्रंप ने कहा, “मैं भारत के साथ एक व्यापार समझौता कर रहा हूं और मेरे मन में प्रधानमंत्री मोदी के प्रति बहुत सम्मान और प्रेम है. हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध हैं. इसी तरह, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी एक महान व्यक्ति हैं…उनके पास एक फील्ड मार्शल है. आप जानते हैं वह फील्ड मार्शल क्यों हैं क्योंकि वे एक ग्रेट फाइटर हैं.”

ट्रंप ने आगे कहा कि ये दोनों परमाणु शक्ति वाले देश हैं और ये वास्तव में युद्ध करने जा रहे थे. ट्रंप के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने भारत और पाकिस्तान दोनों को फोन कर कहा था कि युद्ध जारी रहने पर वे उनके साथ व्यापार समझौता नहीं करेंगे. ट्रंप के मुताबिक, जवाब में दोनों देशों ने उनसे कहा कि आप हमें लड़ने दीजिए. 

अपने भाषण में ट्रंप ने पीएम मोदी की भी तारीफ की. उन्होंने कहा, “पीएम मोदी बेहद सुंदर व्यक्ति हैं…वे किलर हैं. वे काफी मजबूत हैं. उन्होंने (मोदी ने) कहा, नहीं, हम लड़ेंगे. मैंने सोचा, क्या ये वही व्यक्ति हैं, जिन्हें मैं जानता हूं…लेकिन दो दिन बाद उन्होंने फोन कर कहा कि हम समझते हैं और लड़ाई बंद कर दी. क्या यह शानदार नहीं है.”

https://p.dw.com/p/52kWk
कलाम से लेकर मुर्मु तक: कब-कब लड़ाकू विमानों में उड़े राष्ट्रपति को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

कलाम से लेकर मुर्मु तक: कब-कब लड़ाकू विमानों में उड़े राष्ट्रपति

अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर रफाएल के सामने खड़ी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
राष्ट्रपति मुर्मु ने रफाएल में करीब 30 मिनट तक उड़ान भरीतस्वीर: Office of Press Secretary to the President/ANI Photo

भारत की राष्ट्रपति और सशस्त्र बलों की सुप्रीम कमांडर द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार, 29 अक्टूबर को अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से रफाएल लड़ाकू विमान में उड़ान भरी. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राष्ट्रपति मुर्मु का विमान ग्रुप कैप्टन अमित गेहानी ने उड़ाया. इस दौरान, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी एक अलग रफाएल में उनके साथ उड़ान भरी. 

एएनआई ने रक्षा मंत्रालय के बयान के हवाले से बताया कि रफाएल ने करीब 30 मिनट तक उड़ान भरी. इस दौरान, एयरफोर्स स्टेशन पर लौटने से पहले विमान ने 200 किलोमीटर की दूरी तय की. उड़ान के दौरान, विमान की गति करीब 700 किलोमीटर प्रतिघंटा थी. राष्ट्रपति मुर्मु इससे पहले 2023 में सुखोई एसयू-30 एमकेआई लड़ाकू विमान में भी उड़ान भर चुकी हैं. 

एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, एपीजे अब्दुल कलाम किसी लड़ाकू विमान में उड़ान भरने वाले पहले भारतीय राष्ट्रपति थे. उन्होंने 2006 में 74 वर्ष की आयु में सुखोई एसयू-30 एमकेआई में उड़ान भरी थी. इसके बाद 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने भी 74 वर्ष की आयु में सुखोई एसयू-30 एमकेआई में करीब 30 मिनट तक उड़ान भरी थी.

https://p.dw.com/p/52kSi
संवेदनशील व्यापारिक मुद्दों पर और गहन बातचीत के लिए तैयार भारत और यूरोपीय संघ को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

संवेदनशील व्यापारिक मुद्दों पर और गहन बातचीत के लिए तैयार भारत और यूरोपीय संघ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेय लाएन हाथ मिलाते हुए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेय लाएन ने इस साल फरवरी में व्यापार वार्ता में तेजी लाकर 2025 के आखिर तक एफटीए पूरा करने की बात कही थीतस्वीर: Manish Swarup/AP/dpa/picture alliance

भारत सरकार ने बुधवार (28 अक्टूबर) को एक बयान में कहा कि स्टील, ऑटोमोबाइल, कार्बन टैक्स और यूरोपीय संघ के अन्य नियमों से जुड़े मुद्दों पर अधिक संवेदनशीलता के कारण विस्तृत चर्चाओं की जरूरत है. बयान के मुताबिक, भारत और यूरोपीय संघ- दोनों गहन बातचीत की जरूरत पर सहमत हैं.

इससे पहले, भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल 26 से 28 अक्टूबर तक यूरोपीय आयोग के साथ बातचीत के लिए ब्रसेल्स में थे. उन्होंने यूरोपीय संघ के व्यापार और आर्थिक सुरक्षा आयुक्त मारोश शेफचोविच से काफी समय से लंबित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप देने पर बातचीत की. दोनों पक्षों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेय लाएन के इस साल की शुरुआत में दिए निर्देशों के अनुरूप 2025 के अंत तक फ्री-ट्रेड एग्रीमेंट पूरा करने के साझा लक्ष्य की दोबारा पुष्टि की.

2022 में फिर शुरू हुईं व्यापार वार्ताएं अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के दोबारा निर्वाचित होने के बाद तेजी से आगे बढ़ी हैं. ब्रसेल्स ने भी मेक्सिको और दक्षिण अमेरिकी देशों के साथ व्यापार समझौते तेज किए. साथ ही भारत, इंडोनेशिया और संयुक्त अरब अमीरात के साथ बातचीत को बढ़ावा दिया. वस्तुओं के व्यापार के मामले में यूरोपीय संघ फिलहाल भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है. वित्तीय वर्ष 2023-24 में यह द्विपक्षीय व्यापार 137.5 अरब डॉलर तक पहुंचा, जो पिछले दशक के मुकाबले लगभग 90% ज्यादा है.

https://p.dw.com/p/52kOi
जिनपिंग से मुलाकात में ट्रंप को "बहुत अच्छे नतीजे" मिलने की उम्मीद को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

जिनपिंग से मुलाकात में ट्रंप को "बहुत अच्छे नतीजे" मिलने की उम्मीद

डॉनल्ड ट्रंप
जापान से दक्षिण कोरिया जाते वक्त विमान में पत्रकारों से बात करते राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंपतस्वीर: Andrew Harnik/Getty Images

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप बुधवार, 29 अक्टूबर को अपनी एशिया यात्रा के अंतिम चरण के लिए दक्षिण कोरिया पहुंचे. यहां दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे म्योंग के साथ शिखर वार्ता के बाद उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ होने वाली बैठक में ट्रेड डील होने की उम्मीद जताई. दक्षिण कोरिया पहुंचने पर उन्हें देश के सबसे बड़े सम्मान 'ग्रांड ऑर्डर ऑफ मुगुंगहवा' और सोने का एक ताज देकर सम्मानित किया गया. इससे पहले ट्रंप जापान में थे और उसी दौरान उत्तर कोरिया ने परमाणु क्षमता वाली एक क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया.

शी जिनपिंग से मुलाकात पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "चीन के साथ हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं. इसलिए मुझे लगता है कि हमारे देश और विश्व के लिए [बातचीत के] नतीजे काफी अच्छे होंगे." ट्रंप ने यह भी कहा कि चीनी राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान वे ताइवान के संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा करेंगे या नहीं, यह "निश्चित नहीं" है. 

हालांकि, ट्रंप ने बुधवार को कहा कि वे जिनपिंग से अमेरिकी चिपमेकर एनवीडिया की अत्याधुनिक ब्लैकवेल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चिप के बारे में बातचीत करेंगे. पिछले वित्तीय वर्ष में एनवीडिया की आमदनी का 13 प्रतिशत चीन को एआई चिप्स बेचने से ही आया था. लेकिन इस साल एनवीडिया को चीन में एआई चिप्स बेचने से रोक दिया गया, जिससे चीन भी नाराज है. 

अमेरिका ने प्रतिबंधों के पीछे वजह बताई कि चीनी सेना इन चिप्स का उपयोग अपनी सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने के लिए कर सकती है. इससे पहले, ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि अमेरिका और चीन, मलेशिया में आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान हुई बातचीत के बाद व्यापार समझौते के काफी करीब हैं.

https://p.dw.com/p/52k5F
गाजा में इस्राएली हमला, ट्रंप ने कहा सीजफायर को "कुछ भी" खतरे में नहीं डालेगा को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

गाजा में इस्राएली हमला, ट्रंप ने कहा सीजफायर को "कुछ भी" खतरे में नहीं डालेगा

28 अक्टूबर को गाजा के खान यूनुस इलाके में एक अस्पताल के बाहर एक शव के साथ परिजन.
गाजा के खान यूनुस इलाके में एक अस्पताल के बाहर एक शव के साथ परिजन. डॉक्टरों के मुताबिक, शख्स की मौत 28 अक्टूबर को हुए इस्राएली हमलों में हुई हैतस्वीर: REUTERS

हमास के नियंत्रण वाले गाजा के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मंगलवार (28 अक्टूबर) से जारी ताजा इस्राएली गोलाबारी में दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है. समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, कम-से-कम 70 लोग मारे गए हैं. बुधवार दोपहर (स्थानीय समय) को इस्राएली सेना ने कहा है कि उसने युद्धविराम समझौते का दोबारा पालन शुरू कर दिया है.

इससे पहले, इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को गाजा पट्टी में तत्काल "शक्तिशाली हमलों" के आदेश जारी किए थे. आदेश देने से पहले नेतन्याहू ने सुरक्षा प्रमुखों के साथ बैठक की और गाजा युद्धविराम समझौते के "उल्लंघन" के जवाब में जरूरी कदम उठाए जाने पर बात की. 

समाचार एजेंसी एएफपी ने गाजा के सिविल डिफेंस के हवाले से बताया कि तीन क्षेत्रों में हमले हुए हैं. रॉयटर्स ने भी हमलों की जानकारी दी है. न्यूज एजेंसी एपी के पत्रकारों और प्रत्यक्षदर्शियों ने गाजा सिटी और दिएर अल-बालाह हिस्सों में टैंकों से हुए धमाके सुने और देखे. इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की मध्यस्थता में हुआ युद्धविराम समझौता अब खतरे में पड़ता दिख रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों ने 29 अक्टूबर की सुबह तक गाजा पट्टी के कई इलाकों में इस्राएली विमानों द्वारा किए हमलों की जानकारी दी है.

पढ़ें: दुनिया को बदल रही ट्रंप की योजनाओं में कहां फिट बैठता है यूरोप?

इस बीच ट्रंप ने कहा है कि इस्राएल और आतंकी संगठन हमास के बीच हुए युद्धविराम समझौते को "कुछ भी" खतरे में नहीं डालेगा. जापान से दक्षिण कोरिया जाते वक्त अपने विमान में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि हमास ने "एक इस्राएली सैनिक को मार गिराया" और इसलिए "इस्राएलियों ने पलटकर हमला किया और उन्हें जवाबी हमला करना चाहिए." करीब एक हफ्ते पहले, एक रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड हमले में दो इस्राएली सैनिकों की मौत हो गई थी. इस्राएल ने हमास पर बंधकों के शव लौटाने में देरी करने का आरोप भी लगाया है.

https://p.dw.com/p/52k2b
आंध्र प्रदेश से गुजरा साइक्लोन मोंथा, आज भारी बारिश होने का अनुमान को स्किप करें
२९ अक्टूबर २०२५

आंध्र प्रदेश से गुजरा साइक्लोन मोंथा, आज भारी बारिश होने का अनुमान

चेन्नई में बंदरगाह पर खड़ी मछुआरों की नाव
मोंथा की वजह से मछुआरों को समुद्र में ना जाने की सलाह दी गईतस्वीर: Riya Mariyam R/REUTERS

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना साइक्लोन मोंथा बीती रात को आंध्र प्रदेश के तट से टकराया. मौसम विभाग के मुताबिक, साइक्लोन मोंथा 28 और 29 अक्टूबर के बीच की रात को 11:30 से 12:30 बजे के बीच मछलीपट्टनम और काकीनाडा के बीच से गुजरा. रात करीब ढाई बजे यह चक्रवाती तूफान में बदल गया. मौसम विभाग के मुताबिक, यह उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ता रहेगा और तेलंगाना राज्य में प्रवेश करेगा.

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, साइक्लोन मोंथा के तट से टकराने के दौरान, भारी बारिश हुई और तेज रफ्तार से हवाएं चलीं. आंध्र प्रदेश सरकार ने बताया कि इसके चलते 38 हजार हेक्टेयर से अधिक फसल बर्बाद हुई और कई बिजली के खंभे भी टूट गए. राज्य के कोनसीमा जिले में एक महिला के ऊपर ताड़ का पेड़ टूटकर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बुधवार को भी खराब मौसम जारी रह सकता है. मौसम विभाग की वैज्ञानिक डॉ. करूणा सागर ने बताया, आज भी खराब मौसम, खासकर तेज हवाएं और भारी बारिश जारी रह सकती है. विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने पूर्वी और दक्षिणी तेलंगाना में भी भारी बारिश होने की चेतावनी दी है. 

https://p.dw.com/p/52jp3
और पोस्ट दिखाएं
आदर्श शर्मा
आदर्श शर्मा डीडब्ल्यू हिन्दी के साथ जुड़े आदर्श शर्मा भारतीय राजनीति, समाज और युवाओं के मुद्दों पर लिखते हैं.