10 प्राचीन भाषाएं जिन्हें वक्त भी ना मिटा पाया
दुनिया में कई ऐसी भाषाएं हैं जो हजारों साल पुरानी हैं, लेकिन आज भी वे अपना अस्तित्व बनाये हुए हैं. एक नजर ऐसी ही 10 भाषाओं पर..
हिब्रू
यह भाषा लगभग तीन हजार साल पुरानी है. 400 ईसवी के आसपास यह भाषा लगभग खत्म हो गयी. लेकिन पिछले दो सदियों में इस भाषा का पुरुद्धार हुआ और आज यह इस्राएल की आधिकारिक भाषा है. साथ ही दुनिया भर में बसे यहूदी भी इसे बोलते हैं.
तमिल
ऐसे साक्ष्य मौजूद हैं जो बताते हैं कि तमिल भाषा लगभग दो हजार से बोली जा रही है. भारत के दक्षिणी राज्य तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुदुच्चेरी के अलावा श्रीलंका और सिंगापुर में भी इसे आधिकारिक भाषा का दर्जा हासिल है.
फारसी
फारसी भी दुनिया की प्राचीन भाषाओं में शामिल है जिसे दुनिया भर में लगभग 10 करोड़ लोग बोलते हैं. अफगानिस्तान में बोली जाने वाली दरी और ताजिकस्तान की ताजिक भी थोड़े बहुत बदलावों के साथ फारसी जैसी ही भाषाएं हैं.
लिथुआनियन
बहुत सी यूरोपीय भाषाएं जहां इंडो-यूरोपियन भाषा परिवार से आती हैं, वहीं लिथुआनियन का संबंध इससे भी पुराने प्रोटो-इंडो-यूरोपियन परिवार से माना जाता है. यह बाल्टिक देश लिथुआनिया की आधिकारिक भाषा है.
चीनी भाषा
चीनी भाषा को तीन हजार साल पुरानी माना जाता है और भी दुनिया के 1.2 अरब लोग इसी भाषा में बात करते हैं. प्राचीन चीनी भाषा तो अब नहीं रही लेकिन भाषा की बुनियाद वही है. मैंडरिन और केंटोनीज सबसे ज्यादा बोली जाने वाली आधुनिक चीनी बोलियां हैं.
बास्क
स्पेन के बास्क इलाके के साथ साथ फ्रांस के दक्षिण पश्चिमी हिस्से में बास्क भाषा बोली जाती है. बास्क भाषा यूरोप की अन्य भाषाओं से बिल्कुल अलग है. यह भी ठीक ठीक नहीं पता है कि इस भाषा का मूल क्या है.
लैटिन
यूरोप की बहुत सारी भाषाएं लैटिन से ही निकली हैं. आज भी लैटिन वेटिकन सिटी की आधिकारिक भाषा है और बहुत सारे पादरी इसी भाषा में बात करते हैं. दुनिया भर के बहुत से स्कूलों में यह प्राचीन भाषा आज भी पढ़ायी जाती है.
अरबी
पूरा अरब जगत इसी भाषा में संवाद करता है. दुनिया में इस भाषा को बोलने वाले 42 करोड़ लोग हैं. माना जाता है कि अरब लोग ईसा के हजारों साल पहले से इस भाषा को बोल रहे हैं. हालांकि इस दौरान इसमें बहुत बदलाव भी हुए हैं.
ग्रीक
प्राचीन समय में जो ग्रीक बोली जाती थी, उससे आज की ग्रीक भाषा काफी अलग है. तीन हजार साल से भी ज्यादा पुरानी यह भाषा ग्रीस और साइप्रस की आधिकारिक भाषा है. इसके कई अक्षर दुनिया भर में गणित और विज्ञान में प्रतीकों के तौर पर इस्तेमाल होते हैं.
आयरिश गाएलिक
मूल रूप से आयरिश गाएलिक भाषा को बोलने वाले लोग अब आयरलैंड में कम ही हैं, हालांकि बहुत से लोग दूसरी भाषा के तौर पर इसे जानते हैं. चौथी शताब्दी के आसपास आयरिश लोगों ने लिखना सीख लिया था. फिलहाल ये आयरलैंड की आधिकारिक भाषा है.