'जिंदा' भाषाओं वाले देश
जो भी भाषा वर्तमान समय में कहीं ना कहीं बोली जा रही है, वो ही जीवित भाषा कही जा सकती है. कई देशों में तो आधिकारिक भाषाओं के अलावा भी सैकड़ों भाषाएं बोली जाती है. इनमें भारत भी एक है.
ब्राजील
भाषाओं पर रिसर्च करने वाले संगठन एथनोलॉग के अनुसार, ब्राजील में इस समय 216 जीवित भाषाएं हैं जबकि 21 मृत हो चुकी हैं. देश की मुख्य भाषा पुर्तगाली है.
ऑस्ट्रेलिया
अंग्रेजी प्रधान देश ऑस्ट्रेलिया में भी 216 जीवित भाषाएं हैं और करीब 184 खो चुकी हैं. देश में कोई आधिकारिक भाषा नहीं है, लेकिन अंग्रेजी कामकाज की भाषा है. ऑस्ट्रेलिया की 9 फीसदी आबादी साक्षर है.
कैमरून
सेंट्रल अफ्रीका के इस देश में 281 जीवित भाषाएं हैं. इनमें 55 एफ्रोयएशियन भाषाएं हैं और 169 नाइजर कॉन्गो भाषाएं हैं. हालांकि देश की राष्ट्रीय भाषाएं अंग्रेजी और फ्रेंच हैं.
मेक्सिको
मेक्सिको में 285 जीवित भाषाएं हैं. जिन इलाकों में इनमें से कोई भाषा खूब बोली जाती है, वे वहां की आधिकारिक सूचियों में भी शामिल हैं. स्पैनिश सरकारी भाषा नहीं, फिर भी सबसे ज्यादा बोली जाती है.
चीन
कुल 300 जीवित भाषाओं वाले देश चीन की बोलियों में से एक मैंडेरिन देश की आधिकारिक भाषा है. 1.3 अरब की आबादी वाले चीन के 70 फीसदी से अधिक लोग यही बोलते हैं.
अमेरिका
अमेरिका में 422 जीवित भाषाएं हैं. ध्यान देने की बात है कि इनमें से 211 भाषाएं बाहर से अमेरिका पहुंचे प्रवासी बोलते हैं. देश की आधिकारिक भाषा तो अंग्रेजी ही है.
भारत
भारत में 454 जीवित भाषाएं हैं. सवा अरब की आबादी वाले देश में सबसे ज्यादा हिंदी बोली जाती है और सरकारी कामों में सबसे ज्यादा अंग्रेजी इस्तेमाल होती है.
नाइजीरिया
नाइजीरिया में एथनोलॉग के अनुसार 529 जीवित भाषाएं हैं.आधिकारिक भाषा अंग्रेजी है लेकिन उसके अलावा योरुबा, हाउसा और इग्बो का भी संसद में इस्तेमाल होता है.
इंडोनेशिया
द्वीपों के देश इंडोनेशिया में 707 जीवित भाषाएं हैं. इनमें से 98 भाषाओं को, जो सिर्फ कुछ खास इलाकों में बोली जाती हैं, लुप्त होने के खतरे वाली भाषआ घोषित किया गया है.
पापुआ न्यूगिनी
पापुआ न्यूगिनी दुनिया में सबसे ज्यादा जीवित भाषाओं वाला देश है. एथनोलॉग डाटा के अनुसार वहां 839 भाषाएं हैं. सिर्फ पापुआ के पूर्वी भाग में ही इतनी भाषआएँ हैं जितनी पूरे यूरोप में. (एमएल/आरपी)