1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

हॉकी लीग में रांची की टीम बिकी

१४ सितम्बर २०१२

भारत में क्रिकेट लीग की भारी सफलता के बाद अब हॉकी लीग का ढांचा धीरे धीरे आकार ले रहा है. लीग की छह टीमों में लखनऊ और पंजाब के बाद अब रांची की टीम को चुन लिया गया है.

https://p.dw.com/p/168x2
तस्वीर: Getty Images

हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत जनवरी 2013 में होगी. इसमें छह टीमें भाग लेंगी. लखनऊ और पंजाब की फ्रैंचाइजी सहारा इंडिया और जेपी ग्रुप ने ली है. अब पटेल-यूनीएक्सेल ग्रुप ने रांची की फ्रेचाइजी खरीद ली है. हॉकी इंडिया लीग के अध्यक्ष डॉ. नरिंदर बतरा ने यह जानकारी देते हुए कहा, "हमें पटेल यूनीएक्सेल ग्रुप को शामिल करते हुए खुशी हो रही है."

पटेल ग्रुप बंगलोर की कंपनी है जबकि यूनीएक्सेल ग्रुप ताइवान की राजधानी ताइपे में स्थित चीनी कंपनी है. झारखंड की राजधानी रांची को भारत में हॉकी के गढ़ों में एक माना जाता है. पटेल और यूनीएक्सेल ग्रुप के साझा उद्यम के बारे में यूनीएक्सेल के ग्रुप चेयरमैन सुरेश कुमार चौहान ने कहा कंपनी हॉकी के जरिए भारतीय खेल की दुनिया में प्रवेश से खुश है.

चौहान ने कहा, "खेल में घुसने का उस खेल से बेहतर कोई मौका नहीं हो सकता जो सभी भारतीयों के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ा हो." उन्होंने कहा कि रांची की टीम पाकर उन्हें खास खुशी है क्योंकि वे कोलकाता के हैं और उनके मन में पूर्वी भारत के लिए हमेशा से जोरदार भावनाएं रही हैं.

फ्रेंचाइजी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंटी सिंह भी कोलकाता के हैं और पहले राष्ट्रीय टीम में खेल चुके हैं. उन्होंने कहा कि ग्रुप एक प्रतिस्पर्धी टीम बनाना चाहता है और इलाके में खेल के विकास में योगदान देना चाहता है.

यूनीएक्सेल ग्रुप औद्योगिक कच्चा माल और दूसरी चीजों के अंतरराष्ट्रीय कारोबार में लगा है. कंपनी के कारखाने चीन, भारत, नाइजीरिया और घाना में हैं. पटेल ग्रुप भारत की प्रमुख ट्रांसपोर्ट कंपनी है और चीन से सिल्क के धागों और कपड़ों का आयात करती रही है.

एमजे/एनआर (पीटीआई)