1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

स्वीडिश कवि ट्रांसट्रोमर को नोबेल पुरस्कार

६ अक्टूबर २०११

स्वीडन के सबसे मशहूर जीवित कवि थोमास ट्रांसट्रोमर को इस साल साहित्य का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा की गई है. तीन दशक से भी ज्यादा समय बाद किसी स्वीडिश नागरिक को यह पुरस्कार दिया जाएगा.

https://p.dw.com/p/12n5O
मनोविज्ञानी हैं ट्रांसट्रोमरतस्वीर: dapd

नोबेल पुरस्कार के तहत एक करोड़ क्राउन (लगभग 14 लाख डॉलर) की राशि देने वाली नोबेल कमेटी ने अपने बयान में कहा है, "ट्रांसट्रोमर को इसलिए चुना गया क्योंकि वह अपनी सघन और स्पष्ट छवियों के माध्यम से यथार्थ तक पहुंचने वाली नई राह दिखाते हैं."

80 वर्षीय ट्रांसट्रोमर को हाल के सालों में कई बार साहित्य के नोबेल पुरस्कार के हकदार के तौर पर देखा जाता रहा है. यह पुरस्कार पिछली बार 1974 में किसी स्वीडिश नागरिक को दिया गया. तब स्वीडन के लेखक आईविंद योंसन और नाविक, लेखक व कवि हैरी मार्टिनसन को साझा तौर पर नोबेल दिया गया. लेकिन यह फैसला विवादों में घिर गया क्योंकि दोनों ही नोबेल पुरस्कार का फैसला करने वाली स्वीडिश एकेडमी के सदस्य थे.

Tomas Tranströmer NO FLASH
तस्वीर: dapd

नोबेल पुरस्कार देने वाली स्वीडन की रॉयल एकेडमी के स्थायी सचिव पेटर एंगलुंड कहते हैं कि ट्रोसट्रोमर को उनके विजेता होने की बात जब बताई गई तो वह कुछ हैरान दिखे. वह बताते हैं, "मुझे लगता है कि वह कुछ आश्चर्यचकित थे, हैरान थे. कुछ देर आराम से बैठे और उन्होंने संगीत सुना. फिर बोले कि यह बहुत ही अच्छा है."

सातवें स्वीडिश विजेता

एकेडमी का कहना है कि ट्रांसट्रोमर के काम में अर्थव्यवस्था, सत्यता और हृदयस्पर्शी उपमाएं दिखती हैं. ट्रांसट्रोमर नोबेल पुरस्कार पाने वाले सातवें स्वीडिश नागरिक हैं. पेटर एंगलुंड कहते हैं, "यह हमेशा खास है, किसी स्वीडिश को साहित्य का नोबेल जीते लगभग 40 साल हो गए."

Buchcover Thomas Transtromer
कई भाषाओं में ट्रांसट्रोमर की कविताओं का अनुवाद हुआ हैतस्वीर: DW

स्वीडिश रेडियो के साथ इंटरव्यू में एंगलुंड ने कहा कि ट्रांसट्रोमर को छवियों के दक्ष रचियता के तौर पर जाना जाता है. उनकी उपमाएं पूरी दुनिया में मशहूर हैं. ये उपमाएं हमारे लिए दुनिया को खोलती हैं और उसे हमारे लिए कहीं ज्यादा ठोस बनाती हैं."

अंग्रेजी की दुनिया में ट्रांसट्रोमर की शोहरत की एक मुख्य वजह अमेरिकी कवि रॉबर्ट ब्ली से उनकी दोस्त रही है जिन्होंने ट्रांसट्रोमर की ज्यादातर कविताओं का अंग्रेजी में अनुवाद किया है. कम से 50 भाषाओं में ट्रांसट्रोमर की कविताओं का अनुवाद हुआ है. उनकी कविताएं उपमाओं और छवि खीचने के मामले में बहुत समृद्ध होती हैं. वह रोमर्रा की जिंदगी और प्रकृति की तस्वीरें उकेरती हैं.

कवि भी, मनोविज्ञानी भी

कवि होने के साथ साथ ट्रांसट्रोमर एक मनोविज्ञानी भी हैं और उन्होंने अपाहिज, मुजरिमों और नशे के आदी लोगों के साथ काम किया है. असल में उन्होंने अपनी बहुत सारी कविताएं इसी दौरान लिखीं. 10 कविता संग्रह प्रकाशित हो जाने के बाद ट्रांसट्रोएमर 1990 में पक्षाघात के शिकार हुए जिसके चलते उनकी बात करने की क्षमता पर बुरा असर हुआ.

पिछली बार साहित्य का नोबेल पुरस्कार स्पैनिश में लिखने वाले पेरू के लेखक मारियो वर्गास ल्योसा को दिया गया. 10 दिसंबर को नोबेल पुरस्कारों की स्थापना करने वाले स्वीडिश वैज्ञानिक अल्फ्रेड नोबेल की बरसी के मौके पर साहित्य के अलावा चिकित्सा, भौतिकी, रसायन और शांति के क्षेत्र में अहम योगदान देने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा.

इस साल के विजेता

इससे पहले बुधवार को इस्राएली वैज्ञानिक डैनियल शेष्टमन को क्वासीक्रिस्टल की खोज के लिए रसायन शास्त्र का नोबेल देने की घोषणा की गई. अब सबसे प्रतिष्ठित शांति और उसके बाद अर्थशास्त्र के नोबेल की घोषणा होनी है. इस साल चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार शरीर की प्रतिरोध क्षमता पर काम करने वाले अमेरिका के ब्रूस ब्यूटलर और फ्रांस के जूलेस हॉफमन को कनाडा में जन्मे राल्फ श्टाइनमन के साथ साझा तौर पर दिए जाने की घोषणा हुई. हालांकि श्टाइनमन की पुरस्कार की घोषणा से पहले ही पिछले हफ्ते मौत हो गई. वहीं भौतिकी की नोबेल अमेरिका में जन्मे वैज्ञानिकों साउल पर्लमुटर, ब्रेन श्मिट और एडम राइस को साझा तौर पर दिया जाएगा. उन्होंने इस बात की खोज की कि ब्रह्मांड का तेजी से विस्तार हो रहा है.

Schweden Norwegen Nobelpreis Medaille von Alfred Nobel
अल्फ्रेड नोबेल की बरसी पर दिए जाते हैं नोबेल पुरस्कारतस्वीर: picture alliance/dpa

नोबेल पुरस्कार के तहत एक करोड़ क्रोन यानी लगभग 14 लाख डॉलर की राशि दी जाती है. ये पुरस्कार हर साल 10 दिसंबर को स्वीडिश वैज्ञानिक और डायनामाइट के आविष्कारक अल्फ्रेड नोबेल की बरसी पर दिए जाते हैं. नोबेल की 1896 की वसीयत के मुताबिक 1901 से चिकित्सा, भौतिकी, रसायन, साहित्य और शांति के लिए अमूल्य योगदान देने वालों को सम्मानित किया जा रहा है. वहीं अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार की स्थापना 1968 में स्वीडिश केंद्रीय बैंक ने अपनी 300वीं वर्षगांठ पर अल्फ्रेड नोबेल की याद में की.

रिपोर्ट: डीपीए, एएफपी, रॉयटर्स/ए कुमार

संपादन: वी कुमार

इस विषय पर और जानकारी को स्किप करें

इस विषय पर और जानकारी

और रिपोर्टें देखें