34 साल का हैरी पॉटर
१० जुलाई २०१४हैरी पॉटर की कल्पना करने वाली स्कॉटलैंड की जेके रॉलिंग अपनी नई कहानी में हैरी पॉटर को लौटा लाई हैं. उनकी वेबसाइट "पॉटरमोर" पर शायद एक गॉसिप कॉलम छपा है, जिसमें हैरी पॉटर अपने स्कूल के दोस्तों के साथ दोबारा मिलता है और वे लोग फिर से क्विडिच प्रतियोगिता में शामिल होते हैं. झाड़ू पर सवार हो फुटबॉल जैसा यह खेल हैरी पॉटर सीरीज का अहम हिस्सा था.
हैरी के दोस्त रॉन वीसली का वजन घट गया बताते हैं, जबकि उसकी पत्नी हरमोईनी और हैरी की पत्नी जिनी सब इस कहानी में मौजूद हैं. कहानी में ट्विस्ट यह है कि हैरी पॉटर की पेशानी पर जैसा निशान था, उसी तरह का एक निशान अब उसके गाल पर भी नजर आ रहा है.
कहानी की कुछ पंक्तियां इस प्रकार हैं, "अब जब वह 34 का हो चला है, उसकी कनपटी के कुछ बाल सफेद हो गए हैं लेकिन वह अब भी वैसा ही गोल फ्रेम वाला चश्मा पहनता है. यह चश्मा 12 साल के लड़के की जगह एक प्रौढ़ मर्द पर ज्यादा खिलता है."
यह स्टोरी रीटा स्कीटर ने लिखी है, जो हैरी पॉटर सीरीज में एक गॉसिप पत्रकार बनी थी और जो डेली प्रोफेट नाम के अखबार में कॉलम लिखती है. यह आर्टिकल "2014 क्विडिच कप" से जुड़ा है. रोलिंग की किताब हैरी पॉटर की 45 करोड़ कॉपियां बिक चुकी हैं और 2007 में उन्होंने इस सीरीज को रोक दिया था. फिर भी वह लगातार कुछ न कुछ लिखने में जुटी हैं.
एजेए/एमजे (एएफपी)