1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

19 बार हिमालय फतह

२१ मई २००९

नेपाल के एक पर्वतारोही ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के ऊपर चढ़कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है. सुपर शेरपा के नाम से मशहूर 49 साल के अपा शेरपा एवरेस्ट पर 19वीं बार चढ गए हैं. लेकिन इस बार चेहरे पर मायूसी है.

https://p.dw.com/p/HukG
49 साल के हैं अपा शेरपातस्वीर: AP

49 साल की उम्र मे लोगों को अक्सर ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारी होने लगती है. लेकिन इसी उम्र में नेपाल के अपा शेरपा गुरुवार को 19वीं बार माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह कर आए हैं. 1990 में पहली बार एवरेस्ट पर चढ़ने वाले अपा दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर सबसे ज़्यादा बार चढ़ने का रिकॉर्ड बना चुके हैं.

Blick von Bhadrapur auf den höchsten Berg der Welt
19 बार शिखर पर पहुंचे अपातस्वीर: picture-alliance / dpa

नेपाल सरकार के पर्वतारोहण विभाग के एक अधिकारी जीतेंद्र गिरी ने कहा, ''एवरेस्ट पर पहुंचने के बाद उन्होंने वहां करीब आधा घंटा बिताया.'' गिरी ने ही उनके बेस कैंप लौटने के बारे में जानकारी दी. नेपाली मूल के अपा शेरपा इन दिनों अमेरिका में रह रहे हैं.

अपा शेरपा के रिकॉर्ड बनाने का जश्न लोग भी मना रहे हैं. लेकिन अपा मायूस हैं. गुरुवार को जब अपा एवरेस्ट से नीचे बेस कैंप पर लौटे तो उनकी जुबान पर हिमालय को बचाने की अपील थी. बैनर के ज़रिए अपा ने लोगों से हिमालय को जिंदा रखने की अपील की.

अपा शेरपा की टीम के लीडर दावा स्टीवन शेरपा कहते हैं, ''हम अपा की कामयाबी से बेहद खुश हैं. अपा की यह कोशिशें हिमालय और ग्लोबल वॉर्मिंग की तरफ दुनिया का ध्यान खींचेंगी. हाल के सालों में एवरेस्ट पर चढ़ना ज़्यादा ख़तरनाक हो गया है क्योंकि बर्फ बड़ी तेज़ी से पिघल रही है.''

एवरेस्ट और हिमालयी इलाकों में बढ़ता पर्यटन भी इसके लिए काफी हद तक ज़िम्मेदार है. बहरहाल अपा के ताज़ा रिकॉर्ड ने एक बार फिर दुनिया को सर एडमंड हिलेरी और तेंजिंग नॉर्गे की याद दिला दी है. ये दोनों पहली बार 1953 में 8,848 मीटर ऊंची चोटी एवरेस्ट पर चढ़े थे.

रिपोर्ट: एजेंसियां/ओ सिंह

संपादन: ए जमाल