1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

वीडियो: 2000 कंचों का म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट

१८ मार्च २०१६

प्रकृति संगीत की जननी है. एक दूसरे से टकरा कर हर चीज आवाज करती है और अगर उसे करीने से एक साथ लाया जाए तो संगीत पैदा होता है. स्वीडन के एक संगीतकार ने यही कारनामा किया है 2,000 कंचों के साथ.

https://p.dw.com/p/1IFfX
DW Shift Marble Machine
तस्वीर: Martin Molin

स्वीडिश संगीतकार मार्टिन मोलिन का म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट्स के साथ काफी समय से लेना देना रहा है, लेकिन अब उन्होंने अपनी खुद की एक मशीन बना ली है- विंटरगार्टन मार्बल मशीन. हाथ से चलाई जाने वाली इस मशीन में स्टील के 2,000 कंचे ऊपर से नीचे गिरते हुए धुन पैदा करते हैं. ये म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट जैसे जैसे तेज होता जाता है वह वाइब्रेशन के अलावा बास, किक ड्रम और दूसरी धुनें पैदा करता है. इस प्रक्रिया में कंचे एक कोने से दूसरे कोने में धकेले जाते हैं और गिरने से अलग अलग ध्वनि पैदा करते हैं. आप खुद लीजिए मार्टिन मोलिन के संगीत का मजा.

मार्टिन मोलिन ने इस मार्बल मशीन को बनाने का काम अगस्त 2014 में शुरू किया. उन्होंने सोचा था कि वह इस मशीन को बनाने का काम दो महीने में पूरा कर लेंगे, लेकिन जैसे जैसे काम आगे बढ़ता गया उसकी जटिलता भी सामने आती गई. इसमें लगे करीब 3,000 पुर्जों को उन्हें खुद डिजायन करना पड़ा और हाथ से बनाना पड़ा. इसमें दो महीने के बदले चौदह महीने लग गए. अपने काम में मशगूल मार्टिन मोलिन काम में हो रही प्रगति का वीडियो बनाते रहे और उसे यूट्यूब पर पोस्ट भी करते रहे.

मार्टिन मोलिन का यह कारनामा एक फिर दिखाता है कि जहां चाह है वहां राह भी है. यदि आप कुछ ठान लें तो उसे पूरा भी कर सकते हैं. कंचों, धातु की पत्तियों और चक्कियों से संगीत बनाने की अद्भुत कोशिश.

एमजे/आरपी