1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें
विवाद

मछलियों को लेकर लड़ते भिड़ते देश

४ अप्रैल २०१७

समुद्र में मछली पकड़ने पर कैसे विवाद हो सकते हैं, ये भारत और श्रीलंका भी जानते हैं और इंडोनेशिया और उसके पड़ोसी देश भी. गैरकानूनी रूप से मछली पकड़ने वालों के खिलाफ इंडोनेशिया ने युद्ध छेड़ दिया है.

https://p.dw.com/p/2ad3R
Indonesien Versenkung eines illegalen Fischerboots
तस्वीर: picture-alliance/dpa

इंडोनेशिया ने एक बार फिर अपनी जल सीमा के भीतर गैरकानूनी रूप से मछली पकड़ रही 81 नावों को डुबो दिया. इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो गैरकानूनी फिशिंग के खिलाफ युद्ध का एलान कर चुके हैं. तब से लेकर अब तक देश में 317 विदेशी नावें डुबो दी गई हैं. इंडोनेशिया की विदेश मंत्री सुसी पुदजियास्तुति ने इसे साफ चेतावनी बताते हुए कहा है कि इससे घुसपैठ कर मछली मारने वालों को साफ संदेश मिल जाना चाहिए.

विदेश मंत्री ने कहा, "हमें उम्मीद है कि सिनो (जहाज का नाम) गैरकानूनी फिशिंग के खिलाफ हमारी जीत का प्रतीक है." पिछले हफ्ते के आखिर में इंडोनेशिया ने सिनो जहाज की मदद से कई बड़ी नावों को अंबन इलाके में डुबो दिया.

फिशरीज एंड मरीन मंत्रालय के मुताबिक शनिवार को 12 अलग अलग जगहों पर गैरकानूनी रूप से मछली पकड़ने वाली नावों को उड़ाया गया. इनमें से ज्यादार नावें और जहाज वियतनाम, फिलीपींस, मलेशिया और थाइलैंड के थे.

Indonesien Versenkung eines illegalen Fischerboots
समुद्र में डुबोई गई गैरकानूनी नावेंतस्वीर: picture-alliance/dpa/Y. Kurnia Irawan

समुद्र में छिड़ी संसाधनों की लड़ाई में इंडोनेशिया का टकराव चीन से भी हो रहा है. इंडोनेशिया का आरोप है कि चीन की नौसेना ने गैरकानूनी रूप से फिशिंग कर रही चीनी नाव को बचाया.

एक अनुमान के मुताबिक 2014 में इंडोनेशिया को गैरकानूनी फिशिंग से अरबों डॉलर का नुकसान हुआ. इंडोनेशिया की सरकार ने अपने पड़ोसियों से भी सख्त लहजे में कहा है कि वे सप्रंभुता का सम्मान करें.

दुनिया के कई इलाकों में मछली पकड़ने को लेकर ऐसे झगड़े चल रहे हैं. भारत और श्रीलंका भी आए दिन ऐसे विवाद का सामना करते हैं. दक्षिण भारतीय राज्य तमिलनाडु के मछुआरे अक्सर श्रीलंका के जल क्षेत्र में पहुंच जाते हैं. हाल के सालों में श्रीलंका की नौसेना कार्रवाई करने लगी है. अदन की खाड़ी में भी ऐसी ही समस्याएं सामने आ चुकी हैं. सोमालिया के आस पास बड़ी कंपनियों ने आधुनिक जहाजों के मदद से इतने बड़े पैमाने पर मछली पकड़ी कि स्थानीय लोगों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया.

(क्यों मर रही हैं व्हेलें)

ओएसजे/आरपी (एपी,पीटीआई)